बिजनेस

बाजार में तबाही! चंद घंटों में ₹10 लाख करोड़ साफ, $5 लाख करोड़ से नीचे कुल मार्केट कैप

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भारतीय बाजार में गिरावट गहराती जा रही है। बाजार प्री-ओपनिंग सेशन के निचले स्तरों की तरफ बढ़ रहा है। फिलहाल, निफ्टी 500 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 24,650 से नीचे आ गया है। वहीं, सेंसेक्स 1700 नीचे है।

Image

बाजार में तबाही जारी

Photo : Times Now Digital

Share Market Crash: शेयर बाजार में चौतरफा बिकवाली से भगदड़ जैसी स्थिति बनी हुई है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी लगातार नीचे गिरते जा रहे हैं। वहीं, बाजार में बिकवाली के बढ़ते दबाव के साथ मार्केट कैप भी कम हो रहा है। BSE-NSE के लेटेस्ट आंकड़ों के हिसाब से भारतीय बाजार में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ डॉलर से नीचे आ चुका है। इसके अलावा बाजारी में जारी लगातार गिरावट की वजह से मार्केट कैप से 10 लाख करोड़ से ज्यादा की पूंजी साफ हो गई है।

सेंसेक्स-निफ्टी में 2% से ज्यादा की गिरावट

BSE Sensex 79,586.25 पर कारोबार कर रहा है, जो 1,700.94 अंक यानी 2.09% की गिरावट दर्शाता है। वहीं, NIFTY 24,665.45 पर है और 513.20 अंक यानी 2.04% टूट चुका है। निफ्टी का दिन का उच्च स्तर 24,989.35 रहा, जबकि निचला स्तर 24,645.10 दर्ज हुआ। इंडेक्स लगातार प्री-ओपनिंग के निचले स्तरों की तरफ फिसलता दिख रहा है।

एडवांस-डिक्लाइन रेश्यो बेहद कमजोर

फिलहाल मार्केट ब्रेड्थ बेहद नेगेटिव है। BSE पर करीब 4,406 शेयरों में कारोबार हो रहा है, जिनमें से 3,665 शेयर गिरावट में हैं, जबकि सिर्फ 575 शेयरों में तेजी है। 166 शेयर बिना बदलाव के हैं। 52 हफ्ते के उच्च स्तर पर केवल 85 शेयर हैं, जबकि 829 शेयर 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच चुके हैं। यह संकेत देता है कि बिकवाली व्यापक है और सिर्फ चुनिंदा सेक्टर तक सीमित नहीं है।

अपर और लोअर सर्किट में भी दबाव

147 शेयर अपर सर्किट में हैं, लेकिन 321 शेयर लोअर सर्किट में फंसे हुए हैं। यह बताता है कि मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में घबराहट ज्यादा है।

मार्केट कैप 5 लाख करोड़ डॉलर से नीचे

बीएसई सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 4.96 ट्रिलियन डॉलर पर आ गया है, जो 5 ट्रिलियन डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे है। रुपयों में देखें तो निवेशकों की संपत्ति में लगभग 10 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आंकी जा रही है। शुक्रवार को बाजार बंद होते समय लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 46,325,200.41 करोड़ रुपये रहा था, जो अब घटकर 4,52,99,038.06 करोड़ रुपये रह गया है। इस तरह मार्केट कैप में 10,26,162.35 करोड़ रुपये से ज्यादा की गिरावट आई है।

क्यों बढ़ी गिरावट?

पश्चिम एशिया में जारी तनाव से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक बाजारों में जोखिम से बचाव का रुख देखने को मिल रहा है। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और डेरिवेटिव पोजिशन अनवाइंडिंग ने दबाव और बढ़ाया है। तकनीकी स्तर पर निफ्टी 24,700 के नीचे फिसल चुका है, जिससे शॉर्ट टर्म ट्रेंड कमजोर हो गया है। अगर 24,500 का स्तर टूटता है तो गिरावट और गहरी हो सकती है।

बाजार में बढ़ रही दहशत

मार्केट की वोलेटिलिटी को दिखाने वाले India Vix में अब 27% का उछाल आ चुका है। जबकि, इससे पहले दिन की शुरुआत में यह करीब 17 फीसदी था। इस तरह निवेशकों के बीच दहशत बढ़ती जा रही है, जिसका नतीजा भारी बिकवाली के तौर पर देखने को मिल रहा है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article