Reliance Industries: शुक्रवार, 1 अगस्त को शेयर बाजार में कमजोरी देखी गई, लेकिन रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में उल्टा असर दिखा। कंपनी के शेयर 1% की तेजी के साथ 1403 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे। सुबह 10:07 बजे तक ये शेयर 0.88% की तेजी के साथ बीएसई पर 1402.55 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे।
इस तेजी की वजह कंपनी द्वारा डिविडेंड की रिकॉर्ड डेट की घोषणा है, जो गुरुवार (31 जुलाई) को की गई थी। कंपनी ने बताया है कि डिविडेंड पाने के लिए रिकॉर्ड डेट 14 अगस्त तय की गई है। यानी 14 अगस्त तक जिन निवेशकों के पास कंपनी के शेयर होंगे, उन्हें इसका लाभ मिलेगा।
कितना मिलेगा डिविडेंड?
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2025 की चौथी तिमाही के नतीजों के साथ-साथ प्रति शेयर 5.50 रुपये का डिविडेंड देने की घोषणा की थी। यह डिविडेंड 10 रुपये फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर मिलेगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि अक्टूबर 2024 में कंपनी ने 1:1 बोनस शेयर जारी किए थे, और यह डिविडेंड उसके बाद पहली बार दिया जा रहा है। अगर रिलायंस की सालाना आम बैठक (AGM) में यह डिविडेंड पास हो जाता है, तो इसका भुगतान एजीएम के एक हफ्ते के अंदर कर दिया जाएगा।
डिविडेंड का इतिहास
बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक 2024 में कंपनी ने 10 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया था। 2023 में जियो फाइनेंशियल सर्विस के डिमर्जर के बाद अगस्त में 9 रुपये का डिविडेंड मिला था। 2022 और 2021 में निवेशकों को क्रमशः 8 और 7 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड मिला था।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
