बिजनेस

Muhurat Trading 2026: आज दिवाली पर शेयर बाजार में होगी स्पेशल ट्रेडिंग, किस समय खुलेंगे NSE, BSE और MCX, जानें बाजार का पूरा शेड्यूल

Muhurat Trading 2026: आज 8 नवंबर 2026 को दिवाली के पावन अवसर पर शेयर बाजार में विशेष 'मुहूर्त ट्रेडिंग' होगी। जानिए NSE और BSE पर आज कब से कब तक कारोबार होगा।

Image

दिवाली पर आज मुहूर्त ट्रेडिंग

Photo : iStock

Muhurat Trading 2026 : दिवाली के पावन अवसर पर लक्ष्मी पूजन और नए संवत 2083 की शुरुआत के उपलक्ष्य में रविवार 8 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में विशेष 'मुहूर्त ट्रेडिंग' का आयोजन किया जा रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE), बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर इस खास दिन निवेशक अपनी नई शुरुआत के लिए सौदे करेंगे। मुख्य इक्विटी ट्रेडिंग सत्र दोपहर 2:20 बजे से शुरू होकर शाम 3:30 बजे तक चलेगा। एक्सचेंजों ने आईपीओ, री-लिस्टेड शेयरों, इलिक्विड स्टॉक्स और क्लोजिंग ऑक्शन सेशन के लिए अलग-अलग समय सारणी जारी की है।

NSE और BSE का मुख्य ट्रेडिंग शेड्यूल

NSE और BSE पर मुहूर्त ट्रेडिंग की शुरुआत प्री-ओपन सेशन से होगी, जो दोपहर 2:05 बजे चालू होगा। दोपहर 2:05 से 2:10 बजे तक निवेशक मार्केट और लिमिट ऑर्डर दे सकते हैं, बदल सकते हैं या रद्द कर सकते हैं। इसके बाद 2:10 से 2:15 बजे के बीच केवल लिमिट ऑर्डर की अनुमति रहेगी। ऑर्डर मैचिंग और ट्रेड की पुष्टि 2:15 से 2:17 बजे के बीच की जाएगी, जिसके बाद 2:20 बजे तक बफर समय रहेगा। दोपहर 2:20 बजे से नियमित यानी कंटीन्यूअस ट्रेडिंग की शुरुआत होगी। इसके अलावा, ब्लॉक डील विंडो के लिए दोपहर 1:50 बजे से 2:05 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

आईपीओ, इलिक्विड शेयर और क्लोजिंग सेशन

हाल ही में आए आईपीओ और फिर से लिस्ट हुए शेयरों के लिए स्पेशल प्री-ओपन ऑर्डर विंडो दोपहर 2:05 से 2:50 बजे तक खुलेगी। इनकी ऑर्डर मैचिंग 2:50 से 3:05 बजे तक होगी, जबकि ट्रेडिंग दोपहर 3:05 से 3:30 बजे तक चलेगी। इलिक्विड शेयरों के लिए ऑर्डर एंट्री 2:25 से 3:10 बजे तक और मैचिंग 3:10 से 3:20 बजे के बीच होगी।

क्लोजिंग ऑक्शन सेशन (CAS) के तहत आने वाले शेयरों में नियमित ट्रेडिंग दोपहर 3:15 बजे समाप्त हो जाएगी। इसके बाद रेफरेंस प्राइस कैलकुलेशन के बाद क्लोजिंग ऑक्शन ऑर्डर एंट्री दोपहर 3:20 से 3:30 बजे तक चलेगी। शुरुआती 5 मिनट में मार्केट और लिमिट ऑर्डर स्वीकार होंगे, जबकि आखिरी 5 मिनट (3:25 से 3:30 बजे) केवल लिमिट ऑर्डर स्वीकार किए जाएंगे। ऑर्डर मैचिंग 3:30 से 3:35 बजे होगी। सामान्य शेयरों के लिए क्लोजिंग सेशन 3:30 से 3:50 बजे और पोस्ट-क्लोजिंग सेशन 3:50 से 4:00 बजे तक रहेगा।

MCX में कमोडिटी ट्रेडिंग का समय

कमोडिटी बाजार की बात करें तो एमसीएक्स (MCX) पर विशेष प्री-ओपनिंग सत्र दोपहर 2:05 बजे से 2:19 बजे तक चलेगा। इसके तुरंत बाद दोपहर 2:20 बजे से शाम 3:30 बजे तक मुख्य ट्रेडिंग सत्र आयोजित किया जाएगा। एक्सचेंज के सर्कुलर के अनुसार, इस दौरान सभी कमोडिटी और इंडेक्स कॉन्ट्रैक्ट्स में ट्रेडिंग की जा सकेगी। ट्रेडर्स के लिए क्लाइंट कोड मॉडिफिकेशन विंडो शाम 3:45 बजे तक खुली रहेगी।

ट्रेड्स का सेटलमेंट नियम

मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान किए गए सभी सौदों पर एक्सचेंज के सामान्य नियम लागू होंगे। एनएससी क्लियरिंग के अनुसार, T+1 सेटलमेंट साइकिल के तहत 8 नवंबर को किए गए शेयरों के सौदों का सेटलमेंट सोमवार, 9 नवंबर को होगा। क्लियरिंग कॉर्पोरेशन ने पे-इन का समय शाम 4:30 बजे और पे-आउट का समय रात 9:00 बजे तय किया है।

क्या होती है मुहूर्त ट्रेडिंग?

मुहूर्त ट्रेडिंग भारतीय शेयर बाजार की वर्षों पुरानी और अनूठी परंपरा है, जो हर साल दिवाली के दिन लक्ष्मी पूजन के अवसर पर आयोजित की जाती है। यह दिन हिंदू कैलेंडर के अनुसार नए संवत वर्ष के शुभारंभ का प्रतीक होता है। निवेशक और व्यापारी इस समय शेयर खरीदना बेहद शुभ मानते हैं और नए निवेश की शुरुआत करते हैं। हालांकि शुभ अवसर होने के बावजूद इस दिन किए गए सभी सौदे सामान्य बाजार जोखिमों और सेटलमेंट नियमों के अधीन होते हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article