बिजनेस

RBI ने Paytm पेमेंट्स बैंक को शेड्यूल्ड बैंकों की लिस्ट से हटाया, जानें क्यों लिया यह फैसला

Paytm Payments Bank: RBI ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक को शेड्यूल बैंकों की लिस्ट से बाहर कर दिया है। हालांकि पेटीएम ऐप तथा UPI सेवाएं पहले की तरह सामान्य रूप से चलती रहेंगी।

Image

Paytm Payments Bank पर RBI का बड़ा फैसला

Paytm Payments Bank : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड (PPBL) को 'शेड्यूल बैंकों' की आधिकारिक लिस्ट से बाहर कर दिया है। इस संबंध में RBI ने अधिसूचना जारी कर पुष्टि की है कि PPBL को भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम, 1934 की दूसरी अनुसूची से हटा दिया गया है। यह फैसला बैंक का लाइसेंस रद्द होने और दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा इसे बंद करने के दिए गए आदेश के बाद आया है। केंद्रीय बैंक का मानना था कि बैंक का कामकाज इस तरीके से चलाया जा रहा था, जिससे जमाकर्ताओं के हितों को नुकसान पहुंच रहा था।

शेड्यूल बैंक से हटाने का क्या है मतलब?

भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम की दूसरी अनुसूची में केवल उन्हीं बैंकों को शामिल किया जाता है जो RBI के कड़े वित्तीय मानकों और नियमों को पूरा करते हैं। इन बैंकों को 'शेड्यूल बैंक' कहा जाता है और इन्हें केंद्रीय बैंक की ओर से कई खास सुविधाएं और अधिकार मिलते हैं। अब PPBL का नाम इस लिस्ट से हटने के बाद, यह आधिकारिक रूप से अनुसूचित बैंकों के दायरे से बाहर हो गया है।

पेटीएम पेमेंट्स बैंक के साथ क्या समस्या थी?

विजय शेखर शर्मा द्वारा प्रमोटेड पेटीएम की सहयोगी कंपनी PPBL लंबे समय से RBI की नजर में थी। बैंक पर लगातार नियमों के उल्लंघन और अनियमिताओं के आरोप लगते रहे। सबसे पहले मार्च 2022 में RBI ने बैंक प्रणाली में बड़ी कमियों के चलते PPBL पर नए ग्राहक जोड़ने पर रोक लगा दी थी और एक व्यापक आईटी ऑडिट कराने का निर्देश दिया था।

इसके बाद, जनवरी और फरवरी 2024 में RBI ने कार्रवाई को और सख्त करते हुए बैंक के कई प्रमुख कामकाज पर प्रतिबंध लगा दिए। इसमें ग्राहक खातों, वॉलेट्स और प्रीपेड कार्ड्स में नए डिपॉजिट, क्रेडिट या टॉप-अप लेने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई थी। अंततः अप्रैल में नियामक मानकों का पालन न करने के कारण बैंक का लाइसेंस रद्द कर दिया गया।

आम ग्राहकों और आपके पैसे पर इसका क्या असर होगा?

इस पूरी कार्रवाई के बीच आम ग्राहकों के लिए सबसे राहत की बात यह है कि उनका पैसा सुरक्षित है। RBI ने स्पष्ट किया है कि बैंक के पास अपने सभी जमाकर्ताओं का पैसा चुकाने के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध है। जहां तक रोजमर्रा के लेन-देन का सवाल है, आम यूजर्स पहले की तरह पेटीएम ऐप का इस्तेमाल जारी रख सकते हैं। आप UPI ट्रांसफर, मोबाइल और बिल रीचार्ज, तथा अन्य डिजिटल पेमेंट सुविधाएं बिना किसी रुकावट के इस्तेमाल कर सकते हैं।

पेटीएम की मूल कंपनी (One97 Communications) का रुख

पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने शेयर बाजार को दी अपनी जानकारी में स्पष्ट किया है कि इस कार्रवाई का उनके मुख्य व्यवसाय पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कंपनी ने पहले ही 31 मार्च 2024 तक PPBL में किए गए अपने निवेश का नुकसान मान लिया था। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि पेटीएम ऐप, पेटीएम यूपीआई, क्यूआर कोड, साउंडबॉक्स, कार्ड मशीन और पेमेंट गेटवे जैसी सभी मुख्य सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। इसके अलावा पेटीएम गोल्ड और पेटीएम मनी जैसी अन्य वित्तीय सेवाएं भी सामान्य रूप से काम करती रहेंगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article