बिजनेस

Navi Finserv: RBI ने सचिन बंसल की नवी फिनसर्व पर हटाया प्रतिबंध, जानिए क्यों लगा था बैन

Navi Finserv RBI Ban Lift: भारतीय रिजर्व बैंक ने सचिन बंसल की नवी फिनसर्व पर बैन हटा दिया। 21 अक्तूबर 2024 को कारोबार बंद होने से लोन की मंजूरी और वितरण कार्यों से दूर रहने के निर्देश जारी किए थे।

Image

नवी फिनसर्व पर से प्रतिबंध हटा

Photo : PTI

Navi Finserv RBI Ban Lift: भारतीय रिजर्व बैंक ने सोमवार को सचिन बंसल की नवी फिनसर्व पर कर्ज की मंजूरी और वितरण को लेकर लगा प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से हटा लिया। रिजर्व बैंक ने इस साल 17 अक्टूबर को नवी फिनसर्व लिमिटेड, बेंगलुरु (और तीन अन्य गैर-बैंकिंग वित्तीय संस्थान) को 21 अक्टूबर, 2024 को कारोबार बंद होने से ऋण की मंजूरी और वितरण कार्यों से दूर रहने के निर्देश जारी किए थे।

ये प्रतिबंध, इन कंपनियों की मूल्य निर्धारण नीति में उनके भारित औसत उधार दर (डब्ल्यूएएलआर) और उनके कोष की लागत पर लगाए गए ब्याज प्रसार के संदर्भ में निगरानी संबंधी चिंताओं पर आधारित थे। ये दर अधिक पाई गईं और नियमों के अनुरूप नहीं थीं। इसके बाद, रिजर्व बैंक ने सोमवार को कहा कि उसने कमियों को सुधारने के लिए नवी फिनसर्व के साथ कई दौर की बातचीत की।

उसने कहा कि कंपनी के प्रतिवेदनों के आधार पर संतुष्ट होने के बाद तथा संशोधित प्रक्रियाओं, प्रणालियों को अपनाने और निरंतर आधार पर विनियामक दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कंपनी की प्रतिबद्धता को देखते हुए रिजर्व बैंक ने नवी फिनसर्व लिमिटेड पर लगाए गए उपरोक्त प्रतिबंधों को तत्काल प्रभाव से हटाने का फैसला किया है।

अन्य तीन एनबीएफसी, जिन पर अक्टूबर में प्रतिबंध लगाए गए थे, वे हैं: नई दिल्ली स्थित डीएमआई फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, कोलकाता स्थित आरोहन फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड और चेन्नई स्थित आशीर्वाद माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड। (इनपुट भाषा)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article