बिजनेस

GST में बड़े बदलाव का प्रस्ताव: कौन-कौन से आइटम्स हो सकते हैं सस्ते और कौन महंगे?

सरकार GST में बड़े सुधार करने की तैयारी में है। ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GOM) जल्द अपनी सिफारिशें दे सकता है, जिसमें 12% और 18% GST स्लैब को खत्म करने का प्रस्ताव शामिल हो सकता है। इससे टैक्स स्लैब सरल होंगे और कई उत्पादों के दामों में बदलाव आ सकता है, जिससे कुछ आइटम सस्ते और कुछ महंगे हो सकते हैं।

Image

जीएसटी दरों में बदलाव से घट सकते हैं कई चीजों के दाम (तस्वीर-Canva)

GST Reform : सरकार जीएसटी में महत्वपूर्ण सुधार (रिफॉर्म्स) करना चाहती है। जीएसटी पर बने ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (जीओएम) जल्द ही अपनी सिफारिशें दे सकता है, जिसमें 12% और 18% स्लैब को खत्म करने का प्रस्ताव शामिल हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक कुछ वस्तुओं पर जीएसटी दरें कम की जाएंगी, जबकि कुछ पर बढ़ाई जाएंगी ताकि सरकार को रेवेन्यू में ज्यादा कमी न हो और आर्थिक विकास को समर्थन मिले। दिल्ली में 3 और 4 सितंबर को जीएसटी काउंसिल की बैठक में इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। उम्मीद है कि सरकार सितंबर के अंत तक नए रेट्स को नोटिफाय कर देगी।

कृषि इनपुट्स पर घट सकती हैं GST दरें

फर्टिलाइजर एसिड्स पर 18% और बायो-पेस्टिसाइड्स पर 12% जीएसटी को घटाकर 5% करने का प्रस्ताव है। इससे कृषि से जुड़े इनपुट्स की कीमतों में कमी आ सकती हैं।

रिन्यूएबल एनर्जी आइटम्स पर GST में राहत

सोलर कुकर्स, सोलर वाटर हीटर्स और उनके पार्ट्स पर 12% जीएसटी को घटाकर 5% करने की योजना है, जिससे ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिलेगा।

कोयला और सॉलिड फ्यूल्स पर GST बढ़ सकता है

कोयला, ब्रिकेट्स और सॉलिड फ्यूल्स पर अभी 5% जीएसटी है, जिसे बढ़ाकर 18% करने का प्रस्ताव है। इससे सरकार का रेवेन्यू प्रभावित नहीं होगा।

टेक्सटाइल्स और कपड़े सेक्टर को मिलेगा फायदा

सिंथेटिक यार्न, सिलाई के धागे, मेटालाइज्ड यार्न जैसे कई टेक्सटाइल्स पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% किया जा सकता है। इससे इस सेक्टर को राहत मिलेगी। कई चीजें सस्ती हो सकती हैं।

कपड़ों पर नए GST स्लैब का प्रस्ताव

1000 रुपये तक के कपड़ों पर 5% जीएसटी है, जिसे बढ़ाकर 2,500 रुपये तक किया जा सकता है। वहीं, 2,500 रुपये से ऊपर के कपड़ों पर 12% से बढ़ाकर 18% जीएसटी लगाने का प्रस्ताव है।

महंगे फुटवियर पर GST बढ़ सकता है, सस्ते पर घट सकता है

2,500 रुपये से कम कीमत वाले फुटवियर पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% किया जा सकता है। लेकिन 2,500 रुपये से ज्यादा के फुटवियर पर जीएसटी 12% से बढ़ाकर 18% करने की योजना है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article