VAT On Petrol-Diesel In Punjab: पंजाब सरकार ने रविवार को पेट्रोल (Petrol) और डीजल (Diesel) पर वैल्यू-एडेड टैक्स (VAT) बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही राज्य में पेट्रोल-डीजल महंगा हो जाएगा। राज्य में पेट्रोल की कीमत 98.65 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 88.95 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।
इसके साथ ही पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने रिटेल ग्राहकों के लिए पेट्रोल की कीमतों में 92 पैसे और डीजल में 88 पैसे की बढ़ोतरी की है।
कितना बढ़ाया है वैट
पंजाब सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर वैट में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की है। पंजाब पेट्रोल पंप डीलर्स एसोसिएशन के अनुसार, चंडीगढ़ में पेट्रोल 96.20 रुपये प्रति लीटर, हिमाचल प्रदेश में 96.29 रुपये प्रति लीटर, हरियाणा में 97.34 रुपये प्रति लीटर और जम्मू में 97.5 रुपये प्रति लीटर पर उपलब्ध है।
पिछले 10 सालों में केवल एक बार राहत
पिछले 10 वर्षों में, केवल पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पेट्रोल-डीजल पर वैट घटाया था। उन्होंने पेट्रोल पर 10 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 5 रुपये प्रति लीटर वैट घटाया था। अब पेट्रोल-डीजल पर वैट में की गई बढ़ोतरी से सरकार के सालाना रेवेन्यू में 600 करोड़ रु का इजाफा हो सकता है।
दूसरी बार फ्यूल हुआ महंगा
राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार द्वारा फ्यूल रेट में की गई यह दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले फरवरी में, पंजाब कैबिनेट ने सालाना 300 करोड़ रु का अतिरिक्त रेवेन्यू हासिल करने के लिए पेट्रोल और डीजल पर 90 पैसे वैट लगाने के फैसले को मंजूरी दी थी।
पंजाब में इन राज्यों से सस्ता पेट्रोल
पंजाब में कई ताजा कीमतों में वृद्धि के बावजूद, यहां डीजल पड़ोसी हरियाणा की तुलना में सस्ता होगा। वहीं डीजल और पेट्रोल दोनों ही राजस्थान की तुलना में सस्ते रहेंगे।
