बिजनेस

36 या 60 पेज का पासपोर्ट चाहिए? 1 जुलाई से पहले कर लें अप्लाई, नहीं तो देने पड़ेंगे ज्यादा पैसे!

केंद्र सरकार ने 14 साल बाद पासपोर्ट फीस बढ़ाने का फैसला किया है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी नए नियमों के तहत 1 जुलाई 2026 से नया पासपोर्ट बनवाने, रिन्यू कराने और खोए हुए पासपोर्ट की जगह दूसरा आवेदन करना काफी महंगा हो जाएगा।

Image

Passport Fees Hike

अगर आप विदेश घूमने का प्लान बना रहे हैं, नया पासपोर्ट (Passport) बनवाने की सोच रहे हैं या फिर अपने पुराने पासपोर्ट को रिन्यू कराने की तैयारी में हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट और उससे जुड़ी तमाम तरह की डिजिटल और ऑफलाइन सेवाओं की फीस (Passport Fees Hike) में भारी बढ़ोतरी करने का एक बड़ा फैसला लिया है। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी की गई नई दरें 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू हो जाएंगी। इसके बाद नया पासपोर्ट जारी कराने से लेकर, री-इश्यू कराने, खोए हुए या खराब हुए पासपोर्ट की जगह दूसरा पासपोर्ट बनवाने के लिए आम जनता को अपनी जेब पहले से कहीं ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। ऐसे में अगर आप इस बढ़ी हुई महंगाई से बचना चाहते हैं, तो आपके पास जून के बचे हुए दिनों में पुराने दामों पर ही आवेदन करने का एक आखिरी शानदार मौका है।

14 साल बाद बढ़ी फीस

सरकार की ओर से लिया गया यह फैसला इसलिए भी बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि केंद्र सरकार ने करीब 14 साल के लंबे अंतराल के बाद पासपोर्ट की फीस संरचना में कोई बदलाव किया है। इससे पहले साल 2012 में पासपोर्ट की फीस बढ़ाई गई थी। विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक तौर पर पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 जारी करते हुए इस नए शुल्क ढांचे की विस्तृत जानकारी साझा की है। सरकार ने इसके लिए दशकों पुराने 'पासपोर्ट नियम, 1980' के फीस स्ट्रक्चर को पूरी तरह बदलते हुए नए जमाने के हिसाब से अपडेट कर दिया है। नए नियम लागू होने के बाद अलग-अलग कैटेगरी के हिसाब से लोगों को पहले के मुकाबले ₹750 से लेकर ₹4,500 तक का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है।

36 और 60 पेज की कितनी बढ़ी कीमत?

अगर हम अलग-अलग पासपोर्ट श्रेणियों की बात करें, तो सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले 36 पेज के सामान्य पासपोर्ट के लिए अभी तक आपको ₹1,500 देने पड़ते थे, जो 1 जुलाई से बढ़कर सीधे ₹2,500 हो जाएंगे। वहीं, अगर कोई व्यक्ति इमरजेंसी में 'तत्काल सेवा' के जरिए 36 पेज का पासपोर्ट बनवाना चाहता है, तो उसे ₹3,500 की जगह अब ₹5,000 चुकाने होंगे। इसी तरह, जो लोग ज्यादा विदेश यात्राएं करते हैं और 60 पेज का जंबो पासपोर्ट बनवाते हैं, उन्हें अब सामान्य सर्विस के लिए ₹2,000 की जगह ₹3,500 और तत्काल सेवा के लिए ₹4,000 की जगह पूरे ₹6,000 का भुगतान करना होगा।

पासपोर्ट टाइप पुरानी फीसनई फीसकुल बढ़ोतरी
36 पेज पासपोर्ट (नया/रिन्यूअल) – सामान्य₹1,500₹2,500₹1,000
36 पेज पासपोर्ट (नया/रिन्यूअल) – तत्काल₹3,500₹5,000₹1,500
60 पेज पासपोर्ट (नया/रिन्यूअल) – सामान्य₹2,000₹3,500₹1,500
60 पेज पासपोर्ट (नया/रिन्यूअल) – तत्काल₹4,000₹6,000₹2,000
36 पेज खोया/खराब पासपोर्ट – सामान्य₹1,500₹5,000₹3,500
36 पेज खोया/खराब पासपोर्ट – तत्काल₹3,500₹7,500₹4,000
60 पेज खोया/खराब पासपोर्ट – सामान्य₹2,000₹6,000₹4,000
60 पेज खोया/खराब पासपोर्ट – तत्काल₹4,000₹8,500₹4,500
बच्चों का 36 पेज पासपोर्ट – सामान्य₹1,000₹1,750₹750
बच्चों का 36 पेज पासपोर्ट – तत्काल₹3,000₹4,250₹1,250
बच्चों का खोया/खराब पासपोर्ट – सामान्य₹1,000₹4,250₹3,250
बच्चों का खोया/खराब पासपोर्ट – तत्काल₹3,000₹6,750₹3,750

पासपोर्ट खोया या खराब हुआ तो लगेगा तगड़ा फटका

इस नए नियम का सबसे बड़ा झटका उन लोगों को लगेगा जिनका पासपोर्ट कहीं गुम हो जाता है या फट जाता है। खोए या खराब हुए 36 पेज के पासपोर्ट को दोबारा सामान्य तरीके से बनवाने की फीस ₹1,500 से सीधे बढ़ाकर ₹5,000 कर दी गई है और तत्काल के लिए यह रकम ₹7,500 होगी। वहीं 60 पेज का खोया पासपोर्ट दोबारा पाने के लिए तत्काल में ₹8,500 तक खर्च करने होंगे। बड़ों के साथ-साथ सरकार ने बच्चों (18 साल से कम उम्र) के पासपोर्ट की फीस में भी इजाफा किया है। बच्चों के 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस ₹1,000 से बढ़कर अब ₹1,750 हो जाएगी। जानकारों का कहना है कि डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए यह बदलाव किया गया है, इसलिए 1 जुलाई या उसके बाद आवेदन करने वाले सभी नागरिक नई दरों को अच्छी तरह नोट कर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठी author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article