Orkla IPO Listing: भारतीय फूड कंपनी Orkla India के शेयरों की आज शेयर बाजार में शानदार एंट्री हुई। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग घरेलू मार्केट में लगभग 2% प्रीमियम के साथ हुई। इसका IPO निवेशकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा था और इसे जबरदस्त सब्सक्रिप्शन मिला था। ₹730 के इश्यू प्राइस पर जारी हुए शेयर आज BSE पर ₹751.50 और NSE पर ₹750.10 के भाव पर लिस्ट हुए, जिससे निवेशकों को करीब 2% से ज्यादा का लिस्टिंग गेन मिला। हालांकि, शुरुआती उत्साह ज्यादा देर तक नहीं टिक पाया और थोड़ी ही देर में शेयर गिरकर ₹727.90 तक आ गए, जिससे शुरुआती निवेशकों को करीब 0.29% का नुकसान हुआ।
Orkla IPO को निवेशकों की तरफ से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। ₹1,667 करोड़ के इस ऑफर को 29 से 31 अक्टूबर 2025 तक सब्सक्रिप्शन के लिए खोला गया था। यह पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) था, यानी IPO से जुटाई गई रकम कंपनी को नहीं, बल्कि शेयर बेचने वाले निवेशकों को मिली। इसके बावजूद, इस इश्यू को कुल 48.74 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) का हिस्सा 117.63 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) का हिस्सा 54.42 गुना, रिटेल निवेशकों का हिस्सा 7.06 गुना और कर्मचारियों का हिस्सा 15.12 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं GMP ने निवेशकों को लिस्टिंग निराश किया आईपीओ का GMP 9 फीसदी कमाई के संकेत दे रहा था और लिस्टिंग 2 फीसदी पर हुई है।
ये भी पढ़ें: अनिल अंबानी के पावर स्टॉक का बुरा हाल, बाजार खुलते ही लुढ़का शेयर प्राइस
Orkla India की शुरुआत वर्ष 1996 में हुई थी। कंपनी ब्रेकफास्ट से लेकर डिनर तक के लिए फूड प्रोडक्ट्स, बेवरेज और डेजर्ट्स की बड़ी रेंज बनाती है। इसके लोकप्रिय ब्रांड्स में MTR Foods, Eastern Condiments और Rasoi Magic शामिल हैं। कंपनी का मुख्य कारोबार कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में केंद्रित है, जबकि इसके उत्पादों की बिक्री अमेरिका, कनाडा और खाड़ी देशों समेत 42 देशों में होती है। जून 2025 तक कंपनी के पास 400 से अधिक उत्पाद थे और यह हर दिन करीब 23 लाख यूनिट्स बेच रही थी। इसके प्रोडक्ट्स भारत, यूएई, थाईलैंड और मलेशिया की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में बनाए जाते हैं। भारत में कंपनी की 9 फैक्ट्रियां हैं और इसके नेटवर्क में 834 डिस्ट्रीब्यूटर्स और 1,888 सब-डिस्ट्रीब्यूटर्स शामिल हैं।
वित्तीय स्थिति की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में Orkla India को ₹339.13 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था, जो FY24 में घटकर ₹226.33 करोड़ रह गया। हालांकि, FY25 में कंपनी ने रिकवरी करते हुए ₹255.69 करोड़ का नेट प्रॉफिट कमाया। कंपनी की कुल आमदनी लगातार बढ़ रही है और यह सालाना 5% CAGR की दर से बढ़कर ₹2,455.24 करोड़ तक पहुंच गई है। FY26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2025) में कंपनी ने ₹78.92 करोड़ का मुनाफा और ₹605.38 करोड़ की कुल आमदनी दर्ज की। इस अवधि के अंत तक कंपनी पर सिर्फ ₹2.33 करोड़ का कर्ज था, जबकि इसके पास ₹2,523.56 करोड़ का रिजर्व और सरप्लस मौजूद था।
ये भी पढ़ें: Groww IPO GMP: फिनटेक कंपनी का ताजा GMP ग्रे मार्केट में मचा धमाल, अबतक इतना हुआ सब्स्क्राइब
Orkla India का IPO निवेशकों के लिए फायदेमंद साबित हुआ। हालांकि लिस्टिंग के बाद शेयरों में हल्की गिरावट आई, लेकिन कंपनी के मजबूत ब्रांड्स, लगातार बढ़ते कारोबार और ठोस वित्तीय स्थिति को देखते हुए इसे लंबे समय के निवेश के लिए एक भरोसेमंद विकल्प माना जा सकता है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)