बिजनेस

December 2026 Bank Holidays: दिसंबर में कब-कब, कहां और कितने दिन बंद रहेंगे बैंक, देख लें पूरी राज्यवार लिस्ट

December 2026 Bank Holidays: दिसंबर 2026 में क्रिसमस, क्षेत्रीय त्योहारों और सप्ताहांत के कारण कई दिन बैंक बंद रहेंगे। पूरे देश में 25 से 27 दिसंबर तक लगातार छुट्टी रहेगी, जबकि डिजिटल सेवाएं चालू रहेंगी।

Image

दिसंबर में कितने दिन बंद रहेंगे बैंक

Photo : iStock

December 2026 Bank Holidays: साल 2026 के आखिरी महीने यानी दिसंबर में अगर आपको चेक क्लीयरेंस, लोन के कागजात जमा करने या किसी भी जरूरी काम से बैंक की शाखा (ब्रांच) जाना है, तो पहले छुट्टियों की लिस्ट जरूर देख लें। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के कैलेंडर के मुताबिक, दिसंबर 2026 में देश के अलग-अलग हिस्सों में कई दिनों तक बैंक बंद रहने वाले हैं। इसमें राज्यों के क्षेत्रीय त्योहार, क्रिसमस, महीने के दूसरे और चौथे शनिवार के साथ-साथ सभी रविवार की साप्ताहिक छुट्टियां भी शामिल हैं। किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने राज्य की छुट्टियों को ध्यान में रखते हुए बैंक से जुड़े जरूरी काम समय रहते निपटा लें।

दिसंबर 2026 की बैंक छुट्टियों की तारीखवार और राज्यवार लिस्ट

आरबीआई के नियमों के अनुसार, देश के सभी राज्यों में बैंक की छुट्टियां एक जैसी नहीं होती हैं। कुछ छुट्टियां पूरे देश में लागू होती हैं, जबकि कई छुट्टियां केवल संबंधित राज्य या क्षेत्र के त्योहारों पर निर्भर करती हैं। दिसंबर 2026 में पड़ने वाली बैंक छुट्टियों का डिटेल नीचे दिया गया है:-

  • 1 दिसंबर 2026 (मंगलवार): इस दिन अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में बैंक बंद रहेंगे। दोनों राज्यों में 'स्वदेशी आस्था दिवस' (Indigenous Faith Day) और 'राज्य स्थापना दिवस' (State Inauguration Day) के उपलक्ष्य में अवकाश घोषित किया गया है।
  • 3 दिसंबर 2026 (गुरुवार): गोवा में 'सेंट फ्रांसिस जेवियर के पर्व' (Feast of St. Francis Xavier) के अवसर पर सभी बैंक बंद रहेंगे।
  • 9, 10 और 11 दिसंबर 2026 (बुधवार से शुक्रवार): सिक्किम में लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग कामकाज बंद रहेगा। राज्य में पारंपरिक त्योहार 'लोसूंग/नामसूंग' (Losoong/Namsoong) के जश्न के चलते यह अवकाश रहेगा।
  • 12 दिसंबर 2026 (शनिवार): मेघालय में स्वतंत्रता सेनानी 'पा तोगन नेंगमिंजा संगमा' की पुण्यतिथि के मौके पर बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा, यह तारीख महीने का दूसरा शनिवार भी है, जिसके कारण देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बैंक बंद रहेंगे।
  • 18 दिसंबर 2026 (शुक्रवार): मेघालय में प्रसिद्ध खासी कवि 'यू सोसो थाम' (U SoSo Tham) की पुण्यतिथि के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा।
  • 19 दिसंबर 2026 (शनिवार): गोवा में 'गोवा मुक्ति दिवस' (Goa Liberation Day) के उपलक्ष्य में बैंक बंद रहेंगे।
  • 24 दिसंबर 2026 (गुरुवार): क्रिसमस की पूर्व संध्या (Christmas Eve) के अवसर पर पूर्वोत्तर के तीन राज्यों—मिजोरम, नागालैंड और मेघालय में बैंक बंद रहेंगे।
  • 25 दिसंबर 2026 (शुक्रवार): क्रिसमस के त्योहार के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे।
  • 26 दिसंबर 2026 (शनिवार): क्रिसमस उत्सव के चलते नागालैंड और मेघालय में बैंक बंद रहेंगे। साथ ही, यह महीने का चौथा शनिवार भी है, इसलिए पूरे भारत में बैंकों की छुट्टी रहेगी।
  • 30 दिसंबर 2026 (बुधवार): मेघालय में स्वतंत्रता सेनानी 'यू कियांग नांगबाह' (U Kiang Nangbah) की पुण्यतिथि के मौके पर बैंक बंद रहेंगे।
  • 31 दिसंबर 2026 (गुरुवार): नए साल की पूर्व संध्या (New Year's Eve) के कारण मिजोरम में बैंकों की छुट्टी रहेगी।

इसके अतिरिक्त, दिसंबर महीने में पड़ने वाले सभी रविवार यानी 6, 13, 20 और 27 दिसंबर को देशभर के सभी बैंक साप्ताहिक अवकाश के कारण बंद रहेंगे।

लगातार तीन से चार दिन तक बंद रहेंगे बैंक, जानें लॉन्ग वीकेंड का गणित

दिसंबर 2026 में छुट्टियों का संयोग ऐसा बन रहा है कि कई जगहों पर लगातार तीन से चार दिनों तक बैंक शाखाओं में ताले लटके रहेंगे। पूरे देश की बात करें तो 25 दिसंबर (शुक्रवार) को क्रिसमस की राष्ट्रीय छुट्टी है। इसके ठीक अगले दिन 26 दिसंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 दिसंबर को रविवार है। इस तरह पूरे भारत में बैंक लगातार तीन दिनों (25 से 27 दिसंबर) तक बंद रहेंगे।

वहीं, कुछ राज्यों में यह छुट्टी चार दिनों तक खिंचने वाली है। मेघालय में 24 दिसंबर (गुरुवार) को क्रिसमस की पूर्व संध्या की छुट्टी होने के कारण वहां 24 से 27 दिसंबर तक लगातार चार दिन बैंक बंद रहेंगे। इसी तरह, सिक्किम में 9, 10 और 11 दिसंबर (बुधवार से शुक्रवार) को लोसूंग त्योहार की छुट्टी के तुरंत बाद 12 दिसंबर को दूसरा शनिवार और 13 दिसंबर को रविवार पड़ रहा है, जिससे वहां भी बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

छुट्टियों के दौरान ऑनलाइन और डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू

बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को पैसे के लेन-देन को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। अवकाश के दिनों में भी सभी डिजिटल और ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से काम करती रहेंगी। ग्राहक यूपीआई (UPI), आईएमपीएस (IMPS), एनईएफटी (NEFT) और आरटीजीएस (RTGS) के जरिए फंड ट्रांसफर कर सकेंगे। इसके अलावा नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप्स और एटीएम (ATM) सेवाएं भी 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। हालांकि, डिमांड ड्राफ्ट (DD) बनवाने, पासबुक अपडेट कराने, केवाईसी (KYC) वेरिफिकेशन और फिजिकल चेक जमा करने जैसे कामों के लिए ग्राहकों को बैंक खुलने का इंतजार करना होगा।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article