फिनटेक कंपनी बिलियन ब्रेन गेराज वेंचर्स लिमिटेड (Groww) का IPO 4 नवंबर 2025 को खुला था और 7 नवंबर तक खुला रहेगा। बेंगलुरु स्थित इस कंपनी ने अपने शेयर का प्राइस बैंड ₹95 से ₹100 रखा है। कंपनी इस आईपीओ के जरिए करीब ₹6,632 करोड़ जुटाना चाहती है, जिसमें ₹1,060 करोड़ नए शेयर जारी करके और बाकी हिस्सा ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत जुटाया जाएगा।
ग्रे मार्केट का हाल
ग्रोव का शेयर ग्रे मार्केट में फिलहाल ₹14 के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है, जो पिछले दिन के ₹17 से कम है। इसका मतलब है कि निवेशकों की उत्सुकता थोड़ी घटी है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि IPO का बड़ा साइज और शुरुआती धीमी प्रतिक्रिया इसकी वजह हो सकती है।
कितना सब्स्क्राइब हुआ आईपीओ
पहले दिन ग्रो आईपीओ को कुल 0.57 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। खुदरा निवेशकों (Retail Investors) की प्रतिक्रिया मजबूत रही, जिन्होंने इसे 1.91 गुना तक सब्सक्राइब किया। वहीं, गैर-संस्थागत निवेशक (NII) ने 0.59 गुना और संस्थागत निवेशक (QIB) ने सिर्फ 0.10 गुना तक बोली लगाई। यह आंकड़े दिखाते हैं कि खुदरा निवेशक तो उत्साहित हैं, लेकिन बड़े निवेशक अभी सतर्क रुख अपना रहे हैं।
क्या है एक्सपर्ट्स की राय
मिश्रित रुझान के बावजूद, कई वित्तीय एक्सपर्ट्स ने ग्रोव आईपीओ को ‘सब्सक्राइब’ करने की सलाह दी है। आनंद राठी के मुताबिक, कंपनी का वैल्यूएशन ऊपरी प्राइस बैंड पर 33.8 गुना है, और IPO के बाद इसका मार्केट कैप ₹61,736 करोड़ के आसपास रहेगा। आरिहंत कैपिटल ने भी ग्रोव को “लिस्टिंग गेन के लिए सब्सक्राइब करें” की सलाह दी है। उनका कहना है कि ₹100 के ऊपरी दाम पर कंपनी का वैल्यूएशन उचित है और इससे निवेशकों को शुरुआती लिस्टिंग पर फायदा मिल सकता है।
कंपनी की स्ट्रैटेजी
ग्रो आने वाले समय में अपने प्रोडक्ट्स की रेंज बढ़ाने की योजना बना रहा है। इसमें मार्जिन ट्रेडिंग, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। कंपनी का फोकस भारत में अपने ब्रांड को और मजबूत करने और निवेशकों का भरोसा जीतने पर है।
ग्रोव का IPO निवेशकों की सावधान लेकिन सक्रिय प्रतिक्रिया दिखा रहा है। ग्रे मार्केट प्रीमियम थोड़ा घटा है, लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी का बिजनेस मॉडल और फिनटेक सेक्टर की ग्रोथ इसे लंबी अवधि के लिए एक अच्छा निवेश विकल्प बना सकते हैं। एंजेल वन जैसे बड़े खिलाड़ियों से मुकाबले के बावजूद, ग्रोव के पास भारतीय बाजार में मजबूत उपस्थिति दर्ज करने की अच्छी संभावनाएं हैं।
