कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सदस्यों के लिए अच्छी खबर है। अब कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद अपने पीएफ (PF) का पूरा पैसा एक साथ निकालने के बजाय किस्तों में भी निकाल सकेंगे। खास बात यह है कि किस्तों में निकाली गई रकम पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। वहीं, पीएफ खाते में बची हुई राशि पर पहले की तरह ब्याज मिलता रहेगा। EPFO के प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने बताया कि इसके लिए नियमित किस्त निकासी योजना यानी सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने की तैयारी है। इस योजना के तहत सदस्य हर महीने, तीन महीने, छह महीने या साल में एक बार अपने पीएफ खाते से पैसा निकाल सकेंगे।
क्या है नई SWP योजना?
इस योजना का मकसद रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों को नियमित आमदनी देना है, ताकि उन्हें अपना पूरा पीएफ पैसा एक साथ निकालने की जरूरत न पड़े। अक्सर रिटायरमेंट के बाद लोगों को एकमुश्त बड़ी रकम मिलती है। कई लोग इस पैसे को खर्च कर देते हैं या गलत जगह निवेश कर देते हैं। इससे बाद में आर्थिक परेशानी हो सकती है। इसी समस्या को देखते हुए EPFO किस्तों में पैसा निकालने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इससे पीएफ का पैसा खाते में सुरक्षित रहेगा और जरूरत के हिसाब से नियमित रकम निकाली जा सकेगी।
बची हुई रकम पर मिलता रहेगा ब्याज
EPFO प्रमुख के मुताबिक, किस्तों में पैसा निकालने के बाद खाते में जो रकम बची रहेगी, उस पर पीएफ की तय ब्याज दर के हिसाब से ब्याज मिलता रहेगा। उदाहरण के लिए, अगर आपके पीएफ खाते में 10 लाख रुपये जमा हैं और ब्याज दर 8.25 प्रतिशत है, तो सालभर में करीब 82,500 रुपये ब्याज मिलेगा। यानी हर महीने करीब 6,875 रुपये ब्याज बनता है। अगर आप हर महीने 7,000 रुपये निकालते हैं, तो आपकी मूल जमा राशि लगभग सुरक्षित बनी रह सकती है।
वहीं, अगर आप हर महीने सिर्फ 5,000 रुपये निकालते हैं, तो बाकी ब्याज की रकम आपके पीएफ खाते में जुड़ती रहेगी। इससे आने वाले समय में आपके खाते में जमा राशि और बढ़ सकती है।
अगर पीएफ खाताधारक की मृत्यु हो जाती है, तो उसके नॉमिनी को खाते में जमा रकम मिलेगी। नॉमिनी चाहे तो पूरी रकम एक साथ निकाल सकता है या फिर मासिक, तिमाही, छमाही और सालाना किस्तों में पैसा ले सकता है।
किस्तों में पैसा निकालने पर नहीं लगेगा टैक्स
EPFO प्रमुख ने बताया कि SWP योजना के तहत किस्तों में निकाली जाने वाली रकम को टैक्स फ्री रखने का प्रस्ताव है। हालांकि, इसके लिए आयकर कानून में बदलाव करना जरूरी होगा। फिलहाल पीएफ पर टैक्स छूट के नियमों में कर्मचारी और नियोक्ता के बीच नौकरी का संबंध बने रहने की शर्त है। रिटायरमेंट के बाद यह संबंध खत्म हो जाता है।
इसलिए EPFO ने प्रस्ताव दिया है कि जब तक कोई व्यक्ति पीएफ का सदस्य बना रहता है, तब तक SWP के तहत मिलने वाली रकम पर उसे टैक्स छूट का लाभ मिलना चाहिए। इस संबंध में EPFO ने श्रम मंत्रालय को प्रस्ताव भेज दिया है। श्रम मंत्रालय इस पर वित्त मंत्रालय से बातचीत कर रहा है।
90 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे PF का पैसा
EPFO ने पीएफ निकासी के नियमों में भी बदलाव को मंजूरी दी है। इसके तहत अब पीएफ खाते में अनिवार्य रूप से जमा रखी जाने वाली न्यूनतम रकम 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है। इसका मतलब है कि सदस्य अब अपने पीएफ खाते में 10 प्रतिशत रकम छोड़कर बाकी 90 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे। इसके अलावा, पीएफ की पूरी रकम निकालने के लिए पहले 12 महीने इंतजार करना पड़ता था। अब इस अवधि को घटाकर सिर्फ 2 महीने कर दिया गया है।
करीब 6.32 लाख कर्मचारियों को शुरुआती फायदा
शुरुआती चरण में 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.32 लाख EPFO सदस्यों को इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है। इन सदस्यों के पीएफ खातों में 5 लाख रुपये से ज्यादा जमा हैं। गौरतलब है कि EPFO के करीब 8 करोड़ सदस्य हैं। संगठन कर्मचारियों के लिए पीएफ, कर्मचारी पेंशन योजना (EPS-95) और कर्मचारी जमा लिंक्ड बीमा योजना (EDLI) का संचालन करता है।
(इनपुट-भाषा)
