बिजनेस

शादियों और त्योहारों के कारण आने वाले महीनों में बढ़ सकती है महंगाई: वित्त मंत्रालय

वित्त मंत्रालय के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कच्चे तेल के आयात और समुद्र के रास्ते सामान भेजने का खर्च बढ़ सकता है। इससे आने वाले महीनों में थोक और खुदरा बाजार में चीजों की कीमतों पर असर पड़ सकता है।

Image

आने वाले महीनों में थोक और खुदरा बाजार में चीजों की कीमतों पर असर पड़ सकता है।

शादियों और त्योहारों का सीजन शुरू होने से आने वाले महीनों में महंगाई बढ़ने की आशंका है। इसकी वजह बाजार में खाने-पीने की चीजों और अन्य सामान की मांग बढ़ना है। वित्त मंत्रालय ने शनिवार को जारी अपनी नवंबर की मासिक आर्थिक समीक्षा (एमईआर) में यह बात कही। मंत्रालय के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दिसंबर तिमाही में देश की आर्थिक गतिविधियां मजबूत बनी रह सकती हैं। सामान की ढुलाई, टैक्स कलेक्शन, बिजली और ईंधन की खपत के साथ माल परिवहन में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ये संकेत बताते हैं कि अर्थव्यवस्था की रफ्तार बनी हुई है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही पर खतरा और दुनिया भर की व्यापार नीतियों में अनिश्चितता भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी चुनौतियां हैं। हालांकि, देश की मजबूत आर्थिक स्थिति और जरूरी सुरक्षा उपायों के कारण भारत इन चुनौतियों का सामना कर सकता है। वित्त मंत्रालय के अनुसार, पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कच्चे तेल के आयात और समुद्र के रास्ते सामान भेजने का खर्च बढ़ सकता है। इससे आने वाले महीनों में थोक और खुदरा बाजार में चीजों की कीमतों पर असर पड़ सकता है।

विदेशी निवेश से रुपये को मजबूती

हालांकि, नवंबर की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई थी। इसके अलावा, विदेशी निवेश बढ़ने से रुपये को भी मजबूती मिली है। अगर यह स्थिति बनी रहती है तो बाहर से आने वाली चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी का दबाव कम हो सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि नवंबर तक त्योहारों का माहौल रहने और शादियों का सीजन शुरू होने से बाजार में खाने-पीने की चीजों के साथ दूसरे सामान की मांग बढ़ेगी। इससे आने वाले महीनों में महंगाई बढ़ने का खतरा है।

महंगाई की ये बड़ी वजह

गौरतलब है कि अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत हो गई थी। यह दो साल में पहली बार भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की 6 प्रतिशत की तय ऊपरी सीमा से ऊपर पहुंची थी। खाने-पीने की चीजों की कीमतों में तेजी और पिछले साल के मुकाबले महंगाई की गणना में आए बदलाव को इसकी बड़ी वजह माना गया।

मंत्रालय ने यह भी कहा कि पिछले साल की कीमतों के आधार पर महंगाई की गणना का असर नवंबर के आंकड़ों में भी दिखाई दे सकता है। इसके अलावा, मौसम में बदलाव और मजबूत अल नीनो की आशंका से भी महंगाई बढ़ सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 तक भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 705.3 अरब डॉलर था। यह देश की करीब 10 महीने की जरूरतों के बराबर आयात खर्च पूरा करने के लिए पर्याप्त है।

(इनपुट-भाषा)

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article