अध्यात्म

धनवर्षा को रेडी रहें इन 5 राशियों के लोग, शनि के नक्षत्र में जाने वाले हैं बुध

Budh Ka Anuradha Nakshatra Gochar 2026: बुध आने वाले 4 दिसंबर को अनुराधा नक्षत्र में प्रवेश कर जाएंगे। यह शनि का नक्षत्र है, इसमें बुध के प्रवेश से कुछ राशि वालों को निश्चित ही लाभ होगा।

Image

बुध का अनुराधा नक्षत्र में गोचर किन राशि वालों के लिए शुभ रहेगा

Budh Ka Anuradha Nakshatra Gochar 2026: ग्रहों के राजकुमार बुध 4 दिसंबर 2026 की रात 11 बजकर 19 मिनट पर विशाखा नक्षत्र से निकलकर अनुराधा नक्षत्र में प्रवेश करेंगे। खास बात यह है कि इस दौरान बुध वृश्चिक राशि में ही विराजमान रहेंगे। अनुराधा नक्षत्र के स्वामी शनिदेव हैं। ऐसे में बुध का शनि के नक्षत्र में प्रवेश व्यापार, नौकरी, शिक्षा, कम्युनिकेशन और फाइनेंशियल प्लानिंग से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है।

ज्योतिष में बुध को बुद्धि, वाणी, कारोबार, लेखन, गणित और निर्णय लेने की क्षमता का कारक माना जाता है। वहीं शनि मेहनत, अनुशासन, जिम्मेदारी और लंबे समय तक चलने वाली योजनाओं से जुड़े हैं। ऐसे में बुध का अनुराधा नक्षत्र में जाना लोगों को जल्दबाजी के बजाय प्लानिंग और धैर्य के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकता है। खासतौर पर बिजनेस, बैंकिंग, फाइनेंस, रिसर्च, मीडिया और टेक्नोलॉजी से जुड़े लोगों को इस दौरान नए अवसर मिल सकते हैं।

बुध 13 दिसंबर 2026 की शाम तक अनुराधा नक्षत्र में रहेंगे। चंद्र राशि के आधार पर वृषभ, मिथुन, कन्या, मकर और कुंभ राशि वालों के लिए यह गोचर ज्यादा फायदेमंद रह सकता है। किसी को बिजनेस पार्टनरशिप में फायदा मिल सकता है, तो किसी के लिए नौकरी, कॉम्पिटिशन और करियर में आगे बढ़ने के रास्ते खुल सकते हैं।

अनुराधा नक्षत्र में बुध का प्रवेश क्यों है खास

अनुराधा 27 नक्षत्रों में 17वां नक्षत्र है। इसके स्वामी शनिदेव और अधिष्ठाता देवता मित्र हैं। इसका प्रतीक कमल का फूल है। इस नक्षत्र को दोस्ती, टीमवर्क, अनुशासन, नेटवर्किंग और लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार प्रयास करने से जोड़ा जाता है। अब जब बुध इस नक्षत्र में प्रवेश करेंगे, तो कम्युनिकेशन, कारोबार और निर्णय लेने से जुड़े मामलों में शनि का प्रभाव भी शामिल होगा। इसका मतलब है कि केवल नई योजनाएं बनाने के बजाय उन्हें व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर जोर रहेगा। नौकरी करने वालों को अपनी जिम्मेदारियां बेहतर तरीके से निभाने और बिजनेस करने वालों को पुराने क्लाइंट्स के साथ रिलेशन मजबूत करने का मौका मिल सकता है।

इस गोचर का एक और महत्वपूर्ण पहलू शनि की स्थिति है। अनुराधा के स्वामी शनि इस समय मीन राशि में वक्री हैं। 11 दिसंबर 2026 की सुबह 6 बजे शनि मार्गी होंगे। ऐसे में बुध के अनुराधा में प्रवेश के शुरुआती दिनों में पुराने कामों की समीक्षा और अटकी योजनाओं पर दोबारा काम करने की जरूरत हो सकती है। शनि के मार्गी होने के बाद कुछ मामलों में आगे बढ़ने का रास्ता मिल सकता है। वहीं, बुध 7 दिसंबर को सूर्य के करीब आने के कारण अस्त हो जाएंगे। इसलिए इस नक्षत्र में रहते हुए बातचीत, डॉक्यूमेंट्स, फाइनेंशियल डील और महत्वपूर्ण कारोबारी फैसलों में अतिरिक्त सावधानी रखना बेहतर होगा। अनुराधा नक्षत्र में बुध का गोचर 13 दिसंबर तक रहेगा, इसलिए इस दौरान जल्दबाजी के बजाय सोच-समझकर फैसले लें।

वृषभ राशि

वृषभ राशि वालों के लिए बुध सातवें भाव में गोचर करेंगे। यह भाव मैरिड लाइफ, जीवनसाथी, बिजनेस पार्टनरशिप और क्लाइंट्स से जुड़ा है। खास बात यह है कि बुध आपके दूसरे और पांचवें भाव के स्वामी हैं। ऐसे में सातवें भाव में उनका आना धन, परिवार, शिक्षा और पार्टनरशिप से जुड़े मामलों को एक्टिव कर सकता है। बिजनेस करने वालों को नए क्लाइंट्स जोड़ने और पुराने कारोबारी विवाद बातचीत से सुलझाने का मौका मिल सकता है। पार्टनर के साथ मिलकर कोई नई योजना शुरू कर सकते हैं। नौकरी करने वालों को क्लाइंट डीलिंग और मीटिंग में अपनी बात प्रभावी तरीके से रखने का अवसर मिलेगा। मैरिड लाइफ में भी बातचीत बढ़ेगी और पुराने मतभेद दूर करने का मौका मिल सकता है। अनुराधा नक्षत्र के स्वामी शनि वृषभ राशि के लिए योगकारक ग्रह हैं। ऐसे में नेटवर्किंग और पार्टनरशिप के जरिए काम आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है। किसी नए समझौते पर हस्ताक्षर करने से पहले उसकी शर्तें अच्छी तरह जांच लें।

मिथुन राशि

मिथुन राशि के स्वामी बुध हैं और अब वे आपके छठे भाव में गोचर करेंगे। यह भाव नौकरी, कॉम्पिटिशन, कर्ज, विरोधियों और रोजमर्रा के कामकाज से जुड़ा है। बुध की यह स्थिति नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है। इंटरव्यू और सिलेक्शन से जुड़े मामलों में अपनी तैयारी मजबूत करने का मौका मिलेगा। सरकारी नौकरी और कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स को अपनी स्ट्रैटेजी में सुधार करने से फायदा मिल सकता है। वर्कप्लेस पर विरोधियों की चाल समझने और किसी पुराने विवाद को सुलझाने में सफलता मिल सकती है। कारोबारियों को पेमेंट, अकाउंट्स और कर्मचारियों से जुड़े मामलों को व्यवस्थित करने का अवसर मिलेगा। बुध आपकी राशि के स्वामी होने के साथ चौथे भाव के भी स्वामी हैं। इसलिए नौकरी और रोजमर्रा के कामों में अपनी समझदारी का बेहतर इस्तेमाल कर पाएंगे। अनुराधा के स्वामी शनि भी आपके करियर और जिम्मेदारियों से जुड़े मामलों को प्रभावित कर रहे हैं। ऐसे में नियमित मेहनत और अनुशासन से अच्छे रिजल्ट मिल सकते हैं।

कन्या राशि

कन्या राशि के स्वामी भी बुध हैं। इस राशि के लिए बुध पहले और दसवें भाव के स्वामी हैं। अब उनका तीसरे भाव में जाना आपके कॉन्फिडेंस, कम्युनिकेशन और करियर से जुड़े प्रयासों को नई दिशा दे सकता है। नौकरी करने वालों को अपनी स्किल्स दिखाने और किसी नए प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी लेने का मौका मिल सकता है। मीडिया, पत्रकारिता, लेखन, मार्केटिंग, सेल्स और डिजिटल कंटेंट से जुड़े लोगों के लिए यह समय खास रह सकता है। आपकी बातचीत और नए आइडिया लोगों को प्रभावित कर सकते हैं। बिजनेस करने वाले लोग मार्केटिंग और प्रमोशन की नई स्ट्रैटेजी बना सकते हैं। नए क्लाइंट्स से संपर्क बढ़ाने और पुराने कॉन्टैक्ट्स के जरिए काम आगे बढ़ाने का मौका मिलेगा। भाई-बहनों के साथ भी बातचीत बेहतर हो सकती है। तीसरे भाव में बुध की स्थिति अपने प्रयासों से सफलता पाने में मदद कर सकती है। अनुराधा के स्वामी शनि की दृष्टि भी आपकी राशि पर है, इसलिए काम में अनुशासन और लगातार प्रयास आपको बेहतर रिजल्ट दे सकते हैं।

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए बुध ग्यारहवें भाव में गोचर करेंगे। यह भाव इनकम, प्रॉफिट, बड़े कॉन्टैक्ट्स और इच्छाओं की पूर्ति से जुड़ा है। खास बात यह है कि बुध आपके छठे और नौवें भाव के स्वामी हैं। ऐसे में ग्यारहवें भाव में उनकी स्थिति नौकरी, कॉम्पिटिशन और भाग्य से जुड़े मामलों को इनकम से जोड़ सकती है। नौकरी करने वालों को सैलरी, इंसेंटिव या किसी अतिरिक्त प्रोजेक्ट से फायदा मिल सकता है। लंबे समय से रुका हुआ पेमेंट मिलने की संभावना भी बन सकती है। बिजनेस करने वालों के लिए नए क्लाइंट्स और पुराने कॉन्टैक्ट्स से प्रॉफिट कमाने का अच्छा मौका रहेगा। जिन लोगों का काम मार्केटिंग, सेल्स, नेटवर्किंग और कंसल्टेंसी से जुड़ा है, उन्हें विशेष फायदा मिल सकता है। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह से कोई नया काम शुरू कर सकते हैं। शनि आपकी राशि के स्वामी हैं और अनुराधा नक्षत्र में बुध के प्रभाव को नियंत्रित करेंगे। ऐसे में आपकी मेहनत और सही प्लानिंग से इनकम बढ़ाने के अवसर बन सकते हैं।

कुंभ राशि

कुंभ राशि वालों के लिए बुध दसवें भाव में गोचर करेंगे। यह भाव नौकरी, बिजनेस, पद और प्रोफेशनल इमेज से जुड़ा है। खास बात यह है कि बुध आपके पांचवें और आठवें भाव के स्वामी हैं। पांचवें भाव के स्वामी का दसवें भाव में आना शिक्षा, बुद्धि और क्रिएटिविटी को करियर से जोड़ सकता है। नौकरी करने वालों को किसी नए प्रोजेक्ट, जिम्मेदारी या पद से जुड़ा अवसर मिल सकता है। सीनियर अधिकारियों के सामने अपनी स्किल्स दिखाने का मौका मिलेगा। जो लोग जॉब चेंज करने की प्लानिंग कर रहे हैं, उन्हें नए ऑप्शन तलाशने चाहिए। बिजनेस करने वालों को नई टेक्नोलॉजी, डिजिटल मार्केटिंग और बेहतर मैनेजमेंट के जरिए काम आगे बढ़ाने का अवसर मिल सकता है। लेखन, एजुकेशन, मीडिया, रिसर्च और टेक्नोलॉजी से जुड़े लोगों के लिए यह गोचर खास रह सकता है। हालांकि किसी भी बड़े प्रोफेशनल फैसले में पूरी जानकारी जुटाएं। बुध का दसवें भाव में होना और शनि के नक्षत्र का प्रभाव आपके करियर को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में मदद कर सकता है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article