Onion Price in Delhi-NCR: दिल्ली की आजादपुर मंडी फलों और सब्जियों के लिहाज से एशिया का सबसे बड़ा थोक बाजार है। इस मंडी में प्याज की कीमतें (Onion Price) पिछले सप्ताह के 60-65 रुपये प्रति किलोग्राम (किलो) से घटकर 30-40 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई हैं। दरअसल सरकार ने भी अपने बफर स्टॉक से प्याज निकालना शुरू कर दिया है। इससे सप्लाई बढ़ी है। सरकार 25 रु प्रति किलो के रेट पर प्याज बेच रही है। सरकार ने प्याज के दाम कंट्रोल करने के लिए कदम उठाए हैं।
क्यों घटे प्याज के दाम गिरावट
मंडी व्यापारियों के अनुसार यह गिरावट 28 अक्टूबर को सरकार द्वारा प्याज के निर्यात के लिए 800 डॉलर प्रति टन का मिनिमम एक्सपोर्ट प्राइस (एमईपी) लागू करने के बाद आई है। बता दें कि 800 डॉलर प्रति टन का एमईपी लगभग 67 रुपये प्रति किलोग्राम के बराबर है।
मोबाइल वैन के जरिए बिक्री
भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (एनसीसीएफ) और भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (नाफेड) मोबाइल वैन के जरिए 25 रु प्रति किलो के रेट पर प्याज बेच रही हैं। सरकार के पास 5 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक है, जबकि अभी ये और 2 लाख टन प्याज खरीदने की तैयारी में है।
किन जगहों पर मोबाइल वैन के जरिए हो रही बिक्री
- दिल्ली-एनसीआर
- जयपुर
- लुधियाना
- वाराणसी
- रोहतक
- श्रीनगर
सप्लाई में हुआ इजाफा
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार व्यापारियों के मुताबिक सरकार के बफर स्टॉक से हो रही सप्लाई के अलावा राजस्थान से खरीफ फसल के आने से मंडी में सप्लाई को बढ़ावा मिला है। इस समय देशभर में प्याज की औसत कीमत करीब 56.63 रुपये प्रति किलो है।
वहीं अधिकतम रेट अभी भी 90 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि मॉडल कीमत 60 रुपये प्रति किलोग्राम है। प्याज का न्यूनतम रेट 18 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।
