Share Market Trend: NIFTY जहां लगातार दूसरे सत्र में ऑल टाइम हाई पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, Sensex अपने ऑल टाइम हाई के आसपास ही बना हुआ है। इसके अलावा बैंकिंग, फाइनेंस, डिफेंस और ऑयल इंडस्ट्री से जुड़े कुछ स्पेसिफिक स्टॉक्स में सोमवार को जोरदार तेजी का रुख देखने को मिला है। प्राइवेट सेक्टर की सबसे बड़ी ऑयल माइनिंग, रिफाइनिंग और डिस्ट्रीब्यूशन करने वाली Reliance Industries के साथ ही देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक SBI के शेयर ने रिकॉर्ड हाई हिट किया है। इसके अलावा डिफेंस सेक्टर के भी तमाम स्टॉक्स में जोरदार तेजी देखने को मिली है।
ऑल टाइम हाई पर निफ्टी, रिलायंस और SBI
देश की 50 सबसे मूल्यवान कंपनियों के इंडेक्स Nifty ने सोमवार को कारोबार के दौरान 26,373.20 अंक का रिकॉर्ड हाई टच किया। हालांकि, इसके बाद टॉप लेवल से प्रॉफिट बुकिंग का दबाव भी दिखा। Nifty में करीब 9 फीसदी का वेटेज रखने वाली RIL का शेयर भी सोमवार को 1,611.80 के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। इसके अलावा करीब 4 फीसदी का वेटेज रखने वाला SBI का शेयर भी 1,015.50 रुपये के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया है।
बाजार को ड्राइव कर रहे ये तीन फैक्टर
1. हैवीवेट शेयरों में दोबारा खरीदारी : Reliance Industries, बैंकिंग और चुनिंदा FMCG शेयरों में आई मजबूती ने इंडेक्स को अपने ऑल टाइम हाई को छूने में सपोर्ट दिया। हैवीवेट स्टॉक्स में खरीदारी लौटते ही बाजार की दिशा बदल गई और गिरावट तेजी में तब्दील हो गई। हालांकि, बाद में टॉप लेवल से हुई मुनाफावसूली से ये स्टॉक्स और इंडेक्स दोनों में नरमी देखने को मिली।
2. FII सेंटिमेंट में सुधार: विदेशी निवेशकों की ओर से बिकवाली का दबाव कम होने और चुनिंदा सेशंस में खरीदारी लौटने से बाजार को सहारा मिला। FII फ्लो में स्थिरता ने निवेशकों के भरोसे को मजबूत किया, जिसका सीधा असर इंडेक्स पर दिखा।
3. कच्चे तेल में नरमी का सपोर्ट: कच्चे तेल की कीमतों में नरमी भारत जैसे आयात-निर्भर देश के लिए पॉजिटिव संकेत है। इसके साथ ही सिस्टम में पर्याप्त लिक्विडिटी और पॉलिसी सपोर्ट को लेकर भरोसा बना हुआ है, जिससे जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी।
सेक्टरल मूवमेंट का हाल
आज के कारोबार में ऑटो, FMCG, बैंकिंग और रियल्टी सेक्टर में खरीदारी दिखी। आईटी शेयरों में हल्की सुस्ती जरूर रही, लेकिन उसने ओवरऑल बाजार की तेजी को प्रभावित नहीं किया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी चुनिंदा खरीदारी देखने को मिली।
आगे के लिए क्या संकेत?
Nifty का नई ऊंचाई पर पहुंचना यह बताता है कि बाजार में फिलहाल ट्रेंड मजबूत है। हालांकि, रिकॉर्ड स्तरों पर मुनाफावसूली का जोखिम बना रहता है, इसलिए निवेशकों के लिए स्टॉक-स्पेसिफिक अप्रोच और डिप्स पर खरीदारी की रणनीति ज्यादा सुरक्षित मानी जा रही है।
डिफेंस, बैंकिंग और ऑयल स्टॉक्स में तेजी
RIL के साथ ही ONGC सहित तमाम दिग्ग्ज ऑयल स्टॉक्स दिन की शुरुआत में जोरदार अपट्रेंड में दिखे। हालांकि, दोपहर बाद इंडेक्स लाल निशान में आ गया है। इसके बाद भी कुछ स्टॉक्स 1 फीसदी से ज्यादा तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं। वहीं, बैंकिंग सेक्टर में खासतौर पर पब्लिक सेक्टर बैंक (PSB) में SBI के नेतृत्व में यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया और PNB जैसे स्टॉक्स में 1 फीसदी से ज्यादा की तेजी देखने को मिली। हालांकि, कुछ बैंकिंग स्टॉक्स में गिरावट भी हुई है। Nifty Defense में पूरे इंडेक्स में जोरदार खरीदारी देखने को मिली है। Data Pattern, MTAR Tech और BEL, BDL, HAL जैसे स्टॉक्स में 1 से 4 फीसदी तक की तेजी देखने को मिली है।
