अगर आप फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करते हैं या भविष्य में बड़ी राशि जमा करने की योजना बना रहे हैं तो यह जानकारी आपके लिए काम की साबित हो सकती है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बल्क डिपॉजिट (Bulk Deposits) से जुड़े नियमों में बदलाव कर रहा है। नए नियमों के तहत अब बैंक लिक्विडिटी रिस्क प्रोफाइल (Liquidity Risk Profile) के आधार पर बल्क डिपॉजिट पर अलग-अलग ब्याज दरें तय कर सकेंगे। हालांकि, RBI ने यह भी साफ कर दिया है कि समान राशि और समान श्रेणी वाले डिपॉजिट पर ग्राहकों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जा सकता।
यह बदलाव लिक्विडिटी कवरेज रेशियो (LCR) फ्रेमवर्क के तहत किया जा रहा है, जो कि 1 अक्टूबर 2026 से लागू होने जा रहा है। इसका उद्देश्य बैंकों को अपनी फंडिंग और जोखिम प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने की सुविधा देना है।
क्या है नया नियम?
अब तक बैंक आमतौर पर बल्क डिपॉजिट पर अवधि (Tenure), राशि और समय से पहले निकासी जैसी शर्तों के आधार पर ब्याज दर तय करते थे। नए नियमों के बाद बैंक डिपॉजिट के लिक्विडिटी रिस्क को भी ध्यान में रखकर ब्याज दर तय कर सकेंगे। इसका मतलब है कि अगर किसी तरह का बल्क डिपॉजिट बैंक के लिए अधिक जोखिम वाला माना जाता है, तो उसकी ब्याज दर दूसरे डिपॉजिट से अलग हो सकती है। हालांकि, एक जैसी राशि और समान शर्तों वाले ग्राहकों को समान ब्याज दर देना अनिवार्य रहेगा।
ग्राहकों के लिए क्या बदलेगा?
सामान्य रिटेल FD करवाने वाले अधिकांश ग्राहकों पर इस बदलाव का सीधा असर पड़ने की संभावना कम मानी जा रही है, क्योंकि यह नियम मुख्य रूप से बल्क डिपॉजिट के लिए बनाया गया है। लेकिन जिन निवेशकों या संस्थानों द्वारा बड़ी राशि की FD करवाई जाती है, उनके लिए बैंक अब अलग-अलग ब्याज दरें तय कर सकते हैं। इसके साथ ही ग्राहकों के लिए पारदर्शिता भी बढ़ेगी, क्योंकि RBI ने बैंकों को निर्देश दिया है कि वे प्रत्येक कार्यदिवस की सुबह अपनी वेबसाइट पर बल्क डिपॉजिट की ब्याज दरें सार्वजनिक करें। इससे निवेशकों को अलग-अलग बैंकों की दरों की तुलना करना आसान होगा।
बैंकों को क्या होगा फायदा?
नए नियमों से बैंकों को अपनी लिक्विडिटी जरूरतों के अनुसार बल्क डिपॉजिट की कीमत तय करने में अधिक फ्लेक्सिबिलिटी मिलेगी। इससे वे जोखिम का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे और जरूरत के अनुसार बड़े डिपॉजिट आकर्षित कर पाएंगे। साथ ही, ब्याज दरों के दैनिक खुलासे से पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
क्या FD की ब्याज दरों पर पड़ेगा प्रभाव
हालांकि, यह बदलाव मुख्य रूप से बड़े निवेशकों और बल्क डिपॉजिट से जुड़ा है। फिर भी, अगर आप बड़ी राशि की FD करवाने की योजना बना रहे हैं, तो अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरों की तुलना करना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगा।
