शहर

'सिर्फ एक को मारकर खेल न खेलें', नंदन यादव एनकाउंटर पर तेजस्वी यादव का CM सम्राट पर हमला, जीतनराम मांझी पर भी साधा निशाना

Bihar Jamui Accused Encounter News: जमुई छात्रा से बदसलूकी मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव के पुलिस एनकाउंटर के बाद तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल सभी आरोपियों पर कार्रवाई होनी चाहिए और अपराध की कोई जाति नहीं होती। तेजस्वी ने कानून-व्यवस्था, अपराध और ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

Image

नंदन यादव के एनकाउंटर के बाद तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी पर साधा निशाना। PTI

Photo : PTI

Bihar Jamui Accused Encounter News: बिहार के जमुई में छात्रा से बदसलूकी के मुख्य आरोपी नंदन यादव के पुलिस एनकाउंटर के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची टीम पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में नंदन यादव के पैर में गोली लगी।

इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि ऐसी घटनाओं में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक आरोपी पर कार्रवाई करके मामले को खत्म नहीं किया जाना चाहिए।

तेजस्वी यादव ने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी हैं, सभी पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अपराधियों को लेकर कहा कि “अपराधियों की कोई जाति नहीं होती।”

तेजस्वी ने नंदन यादव के एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कहा कि अगर घटना में कई लोग शामिल हैं तो कार्रवाई सभी के खिलाफ होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि सिर्फ एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई से बाकी आरोपियों का क्या होगा।

मांझी के बयान पर भी तेजस्वी का पलटवार

जमुई मामले और नंदन यादव के एनकाउंटर को लेकर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की प्रतिक्रिया पर भी तेजस्वी यादव ने जवाब दिया। तेजस्वी ने कहा कि हर घटना को जाति के चश्मे से देखना ठीक नहीं है। उनका कहना था कि अपराधी की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसके अपराध से होनी चाहिए।

तेजस्वी ने मांझी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि उन्हें इन मुद्दों से आखिर क्या चाहिए। उन्होंने कहा कि मांझी को मंत्री पद, घर और दूसरी सरकारी सुविधाएं मिल चुकी हैं, फिर भी वे इन मुद्दों को क्यों उठा रहे हैं।

'बिहार में अपराध के सैकड़ों मामले'

तेजस्वी यादव ने करीब एक महीने की अखबारों की कटिंग दिखाते हुए दावा किया कि बिहार के अलग-अलग जिलों में हत्या, अपराध और लड़कियों से छेड़छाड़ जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में ऐसे सैकड़ों मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पूछा कि इन घटनाओं में पुलिस ने क्या कार्रवाई की और उसका नतीजा क्या निकला? तेजस्वी ने मुख्यमंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें बिहार को सुरक्षित बताया जाता है।

मुख्यमंत्री के एक पुराने बयान का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने कहा था कि कोई भी व्यक्ति रात में बिहार में कहीं भी चला जाए और अगर कोई उसे छू दे तो वह इस्तीफा दे देंगे। तेजस्वी ने कहा कि अब मुख्यमंत्री को अपने बयान पर कायम रहना चाहिए और अगर वह ऐसा नहीं कर सकते तो उन्हें बिहार छोड़ देना चाहिए।

राज्य अपराध के मामले में नंबर वन: आरजेडी नेता

तेजस्वी यादव ने बिहार में अपराध को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य अपराध के मामले में नंबर वन है। उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय द्वारा संसद में दिए गए जवाब का भी हवाला दिया और कहा कि बिहार में अपराध की स्थिति को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।

तेजस्वी ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अब थानेदारों का तबादला भी मुख्यमंत्री आवास से तय हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि ईमानदार पुलिस अधिकारियों को दरकिनार किया जा रहा है, जबकि कथित तौर पर भ्रष्ट और घूस लेने वाले पुलिसकर्मियों को प्रमोशन दिया जा रहा है।

आरजेडी नेता ने आरोप लगाया कि बिहार में पैसे लेकर पूरा खेल चल रहा है और इसका संचालन मुख्यमंत्री आवास से हो रहा है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए बिहार में ‘राक्षस और गुंडाराज’ होने का आरोप लगाया।

तेजस्वी ने सीएम सम्राट पर लगाए गंभीर आरोप

तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं और उसका हिस्सा ऊपर तक पहुंचाया जा रहा है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सत्ता में बने रहने के लिए यह पूरा राजनीतिक खेल चल रहा है और अगर ऊपर तक बात नहीं पहुंचेगी तो बिहार के मुख्यमंत्री को पद से हटा दिया जाएगा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article