बिजनेस

Mother Dairy Milk: महंगाई की एक और मार, मदर डेयरी 2022 में चौथी बार बढ़ाए दूध के दाम

  • Authored by: किशोर जोशी
  • Updated Nov 20, 2022, 05:11 PM IST

Mother Dairy Milk Price Hike: मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में फुल क्रीम दूध का दाम एक रुपये प्रति लीटर और टोकन वाले दूध का दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिया है। नई दरें सोमवार से लागू होंगी। मदर डेयरी ने कहा कि लागत बढ़ने के चलते उसने यह वृद्धि की है।

Image

फिर बढ़े मदर डेयरी दूध के दाम

Photo : BCCL

Mother Dairy Milk Price: आम लोगों पर एक बार फिर महंगाई की मार पड़ी है। प्रमुख दूध आपूर्तिकर्ता मदर डेयरी (Mother Dairy) ने सोमवार से दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR) के बाजार में फुल क्रीम दूध की कीमतों में एक रुपये प्रति लीटर और टोकन दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। हालांकि, कंपनी ने 500 एमएल के पैक में बेचे जाने वाले फुल क्रीम दूध की दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। कंपनी ने दरे बढ़ाने के पीछे बढ़ती लागत को जिम्मेदार ठहराया है। नई दरें कल यानि सोमवार से लागू होंगी।

साल में चौथी बार बढ़ाए दाम

दिल्ली-एनसीआर में प्रतिदिन 30 लाख लीटर से अधिक दूध की आपूर्ति करने वाली मदर डेयरी ने इस साल यानि 2022 में दूध की कीमतों में चौथी बार बढ़ोतरी की है। मदर डेयरी ने फुल क्रीम दूध की कीमत एक रुपये बढ़ाकर 64 रुपये प्रति लीटर कर दी है। टोकन दूध (थोक में बेचा जाने वाला दूध) कल से 50 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचा जाएगा, जबकि अभी यह 48 रुपये प्रति लीटर है। हालांकि, आधा लीटर के पैक में बिकने वाले फुल क्रीम दूध की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

कंपनी ने बताई वजह

टोकन वाले दूध की कीमत सोमवार से 50 रुपये प्रति लीटर होगी। अभी यह 48 रुपये प्रति लीटर की दर से बिकता है। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी घरेलू बजट को प्रभावित करेगी, क्योंकि इस वक्त खाद्य मुद्रास्फीति पहले ही काफी अधिक है। मदर डेयरी ने कीमतों में बढ़ोतरी के लिए डेयरी किसानों से कच्चे दूध की खरीद लागत में बढ़ोतरी को जिम्मेदार ठहराया। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, ‘इस साल डेयरी उद्योग में दूध की मांग और आपूर्ति में भारी अंतर देखा जा रहा है। त्योहारी मौसम के बाद भी मांग-आपूर्ति में अंतर के कारण कच्चे दूध की कीमतों में मजबूती आई है।’

किशोर जोशी
किशोर जोशीauthor

राजनीति में विशेष दिलचस्पी रखने वाले किशोर जोशी को और खेल के साथ-साथ संगीत से भी विशेष लगाव है। यह टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में नेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं। किशोर के पास डिजिटल मीडिया का 10 सालों का अनुभव है।

और पढ़ें
End of Article