बिजनेस

सिर्फ पैसे निकालना ही नहीं, SBI ATM से मिनटों में होते हैं ये 5 बड़े काम

एटीएम के जरिए केवल कैश निकालते हैं तो ये जानकारी आपके काम की साबित हो सकती है। एटीएम पर ग्राहकों को कैश निकलाने के अलावा भी कई बैंकिंग सुविधाएं पेश की जाती हैं।

Image

एसबीआई एटीएम (AI Generated Image)

क्या आपको भी लगता है कि एटीएम (ATM) का इस्तेमाल केवल पैसे निकालने के लिए किया जाता है? अगर हां तो ऐसा नहीं है। आपको एटीएम के जरिए मिलने वाली दूसरी बैंकिंग सर्विस के बारे में भी जानना चाहिए। जी हां, देश के सबसे बड़े पब्लिक सेक्टर बैंक एसबीआई की ही बात करें तो भारतीय स्टेट बैंक (SBI) अपने एटीएम और ADWM (Automated Deposit cum Withdrawal Machine) के जरिए ग्राहकों को कई ऐसी बैंकिंग सेवाएं देता है, जिनके लिए ब्रांच जाने की जरूरत नहीं पड़ती। SBI ATM पर कैश निकालने और जमा करने से लेकर चेकबुक रिक्वेस्ट, डेबिट कार्ड का PIN बदलने और कार्डलेस कैश निकासी जैसी कई सुविधाएं मिलती हैं।

पैसे निकालने के अलावा कर सकते हैं ये काम

SBI ATM पर ग्राहक कई जरूरी बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इनमें बैंक अकाउंट का बैलेंस चेक करना, मिनी स्टेटमेंट निकालना, डेबिट कार्ड का पिन बदलना, नया ग्रीन बनाना, चेकबुक के लिए आवेदन करना और आय/टर्नओवर की जानकारी अपडेट करना शामिल है।

SBI Credit Card से जुड़ी सर्विस

SBI ATM के जरिए ग्राहक केवल बैंकिंग सेवाओं का ही नहीं, बल्कि SBI Credit Card से जुड़ी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकते हैं। अगर आप नया SBI क्रेडिट कार्ड बनवाना चाहते हैं, तो ATM पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद SBI की क्रेडिट कार्ड टीम आपसे संपर्क करेगी और आगे की प्रक्रिया पूरी करेगी। इसके अलावा, ATM से किसी भी Visa Credit Card का बिल भुगतान भी किया जा सकता है।

बिना डेबिट/एटीएम कार्ड के भी निकाल सकते हैं पैसे

YONO Cash

SBI अपने ग्राहकों को YONO Cash की सुविधा भी देता है। इसके तहत ग्राहक YONO या YONO Lite ऐप के जरिए कैश निकालने की रिक्वेस्ट कर सकते हैं और फिर किसी भी SBI ATM या ADWM से बिना डेबिट कार्ड के नकद निकाल सकते हैं। इस सुविधा के तहत एक दिन में न्यूनतम 500 रुपये और अधिकतम 20,000 रुपये तक निकाले जा सकते हैं।

UPI QR Cash

इसके अलावा, कुछ मशीनों पर UPI QR Cash (ICCW) सुविधा भी उपलब्ध है। इसमें ग्राहक UPI ऐप से QR कोड स्कैन कर बिना कार्ड के नकद निकाल सकते हैं। इस सुविधा के तहत प्रतिदिन अधिकतम 10,000 रुपये तक निकाले जा सकते हैं।

ATM से जमा भी कर सकते हैं नकद

अगर आपके पास SBI का डेबिट कार्ड है तो ADWM मशीनों पर सीधे अपने बचत या चालू खाते में नकद जमा कर सकते हैं। वहीं कार्डलेस मोड में भी बचत खाता, चालू खाता, PPF, लोन और RD खाते में नकद जमा करने की सुविधा उपलब्ध है। इससे बैंक शाखा में लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं पड़ती।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article