बिजनेस

Maruti: मारुति सुजुकी का पहली तिमाही में मुनाफा 47 प्रतिशत बढ़ा, 5 लाख से ज्यादा वाहन बेचे

Maruti Suzuki Result: मारूति ने अप्रैल-जून तिमाही में 5,21,868 वाहन बेचे, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में पांच प्रतिशत अधिक है। पहली तिमाही में कंपनी की घरेलू बाजार में बिक्री चार प्रतिशत बढ़कर 4,51,308 इकाई रही। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का निर्यात 12 प्रतिशत बढ़कर 70,560 इकाई रहा।

Image

मारूति सुजुकी का मुनाफा बढ़ा

Photo : Times Now Digital

Maruti Suzuki Result:देश की प्रमुख वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) का चालू वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 47 प्रतिशत बढ़कर 3,650 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।कंपनी के अनुसार लागत में कटौती के प्रयासों, अनुकूल जिंस कीमतों तथा विदेशी मुद्रा विनिमय लाभ की वजह से उसके मुनाफे में बढ़ोतरी हुई।इससे पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की समान तिमाही में कंपनी ने 2,485 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

कितना बढ़ा निर्यात

शेयर बाजार को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा, समीक्षाधीन तिमाही में उसकी शुद्ध बिक्री बढ़कर 33,875 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 30,845 करोड़ रुपये थी। समान तिमाही में कंपनी ने 5,21,868 वाहन बेचे, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में पांच प्रतिशत अधिक है। पहली तिमाही में कंपनी की घरेलू बाजार में बिक्री चार प्रतिशत बढ़कर 4,51,308 इकाई रही। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का निर्यात 12 प्रतिशत बढ़कर 70,560 इकाई रहा।

वाहन विनिर्माता कंपनी ने साथ ही बताया कि उसके निदेशक मंडल ने अंजलि बंसल और इरीना विट्टल को स्वतंत्र निदेशक नियुक्त करने की सिफारिश की है।निदेशक मंडल ने लीरा गोस्वामी को स्वतंत्र निदेशक के रूप में पुनः नियुक्त करने की सिफारिश भी की।बीएसई पर कंपनी का शेयर 2.28 प्रतिशत बढ़कर 13,167.95 रुपये पर बंद हुआ।

डॉलर के मुकाबले रुपये का हाल

बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया एक पैसे की तेजी के साथ 83.72 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख से मिले समर्थन को आयातकों की मासांत की डॉलर मांग ने बेअसर कर दिया।विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि विदेशी कोषों की भारी निकासी और कच्चे तेल की कीमतों में रातोंरात आए उछाल ने रुपये पर दबाव बढ़ा दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में घरेलू मुद्रा पिछले दिन के बंद भाव से एक पैसे मजबूत खुली।दिन के दौरान यह 83.75 तक फिसली और अंत में एक पैसे बढ़कर 83.72 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुई।मंगलवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 83.73 प्रति डॉलर पर स्थिर बंद हुआ था।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article