बिजनेस

1 सितंबर से LPG गैस सिलेंडर डिलीवरी के बदल जाएंगे नियम, आज ही निपटा लें यह काम

1 सितंबर से एलपीजी सिलेंडर के नियमों में बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। एलपीजी ई-केवाईसी की 31 अगस्त की डेडलाइन, पीएनजी इंसेंटिव स्कीम और गैस कीमतों में संशोधन का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा।

Image

1 सितंबर से LPG गैस सिलेंडर डिलीवरी के बदल जाएंगे नियम, आज ही निपटा लें यह काम

1 सितंबर से देश में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अगर आपके घर में रसोई गैस का इस्तेमाल होता है, तो इन नए दिशानिर्देशों के बारे में जानना बेहद जरूरी है, क्योंकि इनका सीधा असर आपकी जेब और गैस सिलेंडर की डिलीवरी पर पड़ने वाला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों, वैश्विक परिस्थितियों, माल ढुलाई लागत और जीएसटी जैसे कई फैक्टर्स को ध्यान में रखते हुए सरकार और तेल कंपनियां एलपीजी के नियमों और दरों में संशोधन करती हैं।

बदल जाएंगे LPG के ये नियम

नियमों में सबसे बड़ा और तात्कालिक बदलाव एलपीजी ई-केवाईसी (LPG e-KYC) से जुड़ा हुआ है। तेल कंपनियों ने ग्राहकों के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की समय सीमा को बढ़ाकर 31 अगस्त तय किया था। मीडिया रिपोर्ट्स और तेल मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं ने तय समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, उनका एलपीजी कनेक्शन अस्थायी रूप से निलंबित या बंद किया जा सकता है। इतना ही नहीं, ई-केवाईसी पूरी न होने की स्थिति में ग्राहक रियायती यानी घरेलू दरों पर गैस सिलेंडर पाने के पात्र नहीं रहेंगे और उन्हें घरेलू सिलेंडर भी कमर्शियल दरों पर खरीदना पड़ सकता है।

ई-केवाईसी के अलावा, 1 सितंबर से प्राकृतिक गैस यानी पीएनजी (PNG) के विस्तार को बढ़ावा देने के लिए भी एक नई इंसेंटिव योजना लागू हो रही है। सरकार का उद्देश्य शहरी इलाकों में पाइप वाली सुरक्षित और सुविधाजनक खाना पकाने की गैस को तेजी से पहुंचाना है। इस योजना के तहत, अगर किसी ग्राहक को घर में नया पीएनजी कनेक्शन मिल जाता है, तो उसे अपना पुराना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने के लिए 30 दिनों का समय दिया जाएगा, चाहे वह इंडेन, एचपी या भारत गैस का कनेक्शन हो।

गैस बुकिंग के नियमों में भी कड़ाई देखने को मिल रही है। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और सप्लाई चेन को संतुलित रखने के लिए एलपीजी रिफिल की बुकिंग के बीच एक निश्चित समय अंतराल लागू किया गया है। इसके तहत शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ता 25 दिनों से पहले दूसरा सिलेंडर बुक नहीं कर सकेंगे, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यह रिफिल अंतराल 45 दिनों का तय किया गया है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article