शहर

Noida News: यमुना एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव! बेकाबू ट्रक ने डिवाइडर तोड़कर कार को मारी टक्कर, चार की मौत

Noida News: यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक अनियंत्रित कार से टकरा गया। हादसे में कार सवार चारों लोग फंस गए। पुलिस ने क्रेन-कटर से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

Image

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा (फाइल फोटो)

Noida Accident News: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण हादसा हो गया। जहां एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पर लगा अवरोधक तोड़कर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गया और सामने से आ रही कार से टकरा गया। इस हादसे में कार सवार पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई।

दिल्ली से आगरा जा रही थी कार

अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) संतोष कुमार ने बताया कि यह हादसा रविवार देर रात जेवर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर सबौता इंटरचेंज के पास हुआ। उन्होंने बताया कि ट्रक दिल्ली से आगरा की ओर जा रहा था, तभी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रक अवरोधक तोड़कर एक्सप्रेसवे की दूसरी ओर पहुंच गया। जहां उसकी टक्कर आगरा से दिल्ली की ओर आ रही एक कार से हो गई।

क्रेन और कटर से कार में फंसे लोगों को निकाला बाहर

कुमार ने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक कार को कुछ दूर तक घसीटता हुआ ले गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक मोटरसाइकिल और एक छोटा मालवाहक वाहन भी दुर्घटना की चपेट में आ गए। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चार लोग अंदर फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन और कटर की मदद से उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे का बाद यमुना एक्सप्रेसवे पर लगा ट्रैफिक जाम

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान महाराजगंज निवासी विकास गुप्ता, डी. एन. पांडेय, उनके पुत्र आयुष पांडेय और राजस्थान के धौलपुर निवासी कार चालक विजय सिंह के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि हादसे के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर करीब चार किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया था। जिसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया और यातायात को फिर से सुचारू कराया गया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article