शहर

दिल्ली में फिर 'निर्भया' जैसी दरिंदगी! चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार

Delhi News: दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप की दर्दनाक घटना सामने आई है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर बस को जब्त कर लिया है।

Image

नोएडा से कश्मीरी गेट तक चलती स्लीपर बस में वारदात को दिया अंजाम

Delhi News: दिल्ली में एक बार फिर 'निर्भया' जैसी वारदात सामने आई है और एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। नोएडा के परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट तक करीब 47 किलोमीटर के रास्ते में चलती स्लीपर बस के भीतर 16 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपी बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्लीपर बस को जब्त कर उसकी फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।

4 अगस्त की रात हुई घटना

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा अपने घरवालों से किसी बात पर नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आई थी। वह नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जाने की कोशिश कर रही थी। 4 अगस्त की रात भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण छात्रा गलती से नोएडा के परी चौक पर उतर गई। उसी समय वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजर रही थी। छात्रा ने मदद के लिए बस को रुकने का इशारा किया। बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा सेक्टर-63 छोड़ने की बात कहकर बस में बैठा लिया।

47 किलोमीटर के सफर में दरिंदगी

बस में चढ़ने के कुछ ही देर बाद आरोपियों ने छात्रा से छेड़छाड़ शुरू कर दी। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ने चलती बस में पीड़िता के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। देर रात आरोपी पीड़िता को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर बदहवास हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। बस स्लीपर होने और खिड़कियों पर पर्दे लगे होने के कारण 47 किलोमीटर के सफर के दौरान बाहर से किसी भी राहगीर को बस पर शक नहीं हुआ।

तिमारपुर से दबोचे गए आरोपी

घटना के बाद बुरी तरह घबराई और सहमी हुई पीड़िता ने किसी तरह कश्मीरी गेट पुलिस स्टेशन पहुंचकर आपबीती सुनाई। मामला दर्ज होते ही पुलिस की कई टीमों को अलर्ट किया गया। जांच में सामने आया कि बस में तकनीकी खराबी आने के कारण आरोपी उसे सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप में रिपेयरिंग के लिए ले गए थे। रिपेयरिंग के बाद दोनों खाली बस लेकर तिमारपुर पार्किंग की तरफ लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें पीड़िता मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।

महिला आयोग ने पुलिस से मांगी ATR

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने स्लीपस बस रेप मामले पर कहा कि आयोग की ओर से पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए और इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग इस मामले में अपनी बात मजबूती से रखेगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।

Abhishek Raj
अभिषेक राजauthor

मैं अभिषेक राज वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में सीनियर रिपोर्टर के पद पर कार्यरत हूँ, मैं टाइम्स नाउ नवभारत के लिए national crime इंवेस्टिगेशन और स्पेशल स्टोरी का काम देखता हूं। इससे पहले मैं ZEE न्यूज़ में crime और इन्वेस्टीगेशन विभाग में रिपोर्टर के पद पर तैनात था. मैंने ऑपरेशन मुख्यमंत्री, ऑपरेशन धर्ममंत्रण के स्लीपर सेल, ऑपरेशन किसान आंदोलन जीवी, श्रद्धा मर्डर केस, तुनिषा शर्मा आत्महत्या केस, हिमाचल बाढ़ त्रासदी, एल्विश यादव केस आदि जैसी कई स्टोरीज़ की हैं।

और पढ़ें
End of Article