Bank Holiday Today : आज मंगलवार 27 जनवरी 2026 है। बैंक कर्मचारियों और अधिकरियों ने अपनी मांगों को लेकर आज हड़ताल पर है। बैंक कर्मचारी यूनियनों ने हड़ताल का आह्वान किया है। इसलिए बैंक ग्राहकों के बीच कन्फ्यूजन है कि बैंक आज बंद रहेंगे या खुले रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, हर महीने पहले से बैंक हॉलिडे की पूरी लिस्ट जारी करता है, जिसमें यह स्पष्ट किया जाता है कि किस दिन और किस राज्य या शहर में बैंक बंद रहेंगे। RBI की लिस्ट के अनुसार आज यानी 27 जनवरी को देश भर में बैंकों में छुट्टी नहीं है। लेकिन बैंक कर्मचारियों और अधिकरियों की हड़ताल की वजह से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती है। आगे डिटेल जानिए क्या आज बैंक बंद रहेंगे।।
क्या आज 27 जनवरी को बैंक बंद हैं?
अगर आप आज 27 जनवरी को बैंक जाने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। देश के कई हिस्सों में 27 जनवरी को बैंक बंद रहने वाले हैं। ऐसे में आम लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर 27 जनवरी को बैंक क्यों बंद हैं और क्या यह छुट्टी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने दी है। आपको बता दें कि यह बैंक अवकाश RBI की ओर से घोषित नहीं किया गया है, बल्कि बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
RBI ने नहीं दी छुट्टी
स्पष्ट रूप से बता दें कि 27 जनवरी को बैंक बंद रहने की वजह कोई सरकारी या RBI द्वारा घोषित अवकाश नहीं है। दरअसल, बैंक यूनियनों ने इस दिन राष्ट्रव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इसी हड़ताल के चलते देश के कई शहरों और जिलों में बैंकिंग कामकाज ठप रहने की संभावना है।
कौन-कौन बैंक रहेंगे बंद
इस हड़ताल में देशभर के सभी प्रमुख सरकारी बैंक शामिल होंगे, जिनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई), पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी), बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, इंडियन बैंक सहित अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक शामिल हैं। कई शहरों में पहले से ही बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं और चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज होगा।
बैंक यूनियनों ने किया हड़ताल का ऐलान
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) देश की 9 प्रमुख बैंक यूनियनों का संयुक्त मंच है। यह संगठन सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और कुछ पुराने निजी बैंकों के कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। UFBU ने 27 जनवरी 2026 को पूरे देश में बैंक हड़ताल करने का फैसला लिया है। इस कारण मंगलवार को कई जगहों पर बैंक शाखाएं बंद रह सकती हैं और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हड़ताल के पीछे क्या है कारण?
बैंक यूनियनों की सबसे बड़ी मांग है कि बैंक कर्मचारियों के लिए सप्ताह में 5 दिन काम यानी फाइव डे वर्क वीक और 2 दिन की छुट्टी लागू की जाए। वर्तमान में बैंक कर्मचारी हफ्ते में 6 दिन काम करते हैं और उन्हें केवल रविवार की छुट्टी मिलती है। हालांकि, दूसरे और चौथे शनिवार को पहले से ही बैंकों में अवकाश रहता है, लेकिन यूनियन सभी शनिवार को छुट्टी की मांग कर रहे हैं।
सरकार के पास पेंडिंग प्रस्ताव
बैंक यूनियनों का कहना है कि वर्ष 2015 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) ने दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश देने पर सहमति जताई थी, लेकिन बाकी शनिवारों को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ। इसके बाद फरवरी 2023 में UFBU ने सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त काम करने पर सहमति दी और बदले में सभी शनिवार को छुट्टी देने का प्रस्ताव रखा थैा। यह प्रस्ताव सरकार को भेजा गया था, लेकिन पिछले दो वर्षों से इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। इसी देरी और अनदेखी के विरोध में 27 जनवरी 2026 को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर जा रहे हैं।
यूएफबीयू के घटक अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) के महासचिव सी एच वेंकटचलम ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि सुलह कार्यवाही के दौरान विस्तृत चर्चा के बावजूद हमारी मांग पर कोई आश्वासन नहीं मिला। इसलिए, हम हड़ताल पर जाने को मजबूर हुए। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन (एआईबीओसी) के महासचिव रूपम रॉय ने कहा कि मार्च 2024 में वेतन संशोधन समझौते के दौरान इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूएफबीयू के बीच सभी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार हमारी वाजिब मांग पर प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। इससे काम के घंटों का कोई नुकसान नहीं होगा क्योंकि हम सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने पर सहमत हुए हैं।
बैंक बंद हो या हड़ताल डिजिटल सेवाएं रहेंगी चालू
बैंक बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पहले की तरह 24x7 उपलब्ध रहेंगी। UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए ग्राहक आसानी से ऑनलाइन लेन-देन कर सकेंगे। इसके अलावा बिजली, पानी, मोबाइल रिचार्ज जैसे बिलों का भुगतान भी बिना रुकावट किया जा सकेगा। एटीएम सेवाएं भी चालू रहेंगी, जिससे ग्राहक जरूरत पड़ने पर नकद निकासी कर सकते हैं। बैलेंस चेक, फंड ट्रांसफर और अन्य डिजिटल सुविधाएं सामान्य दिनों की तरह उपलब्ध रहेंगी, इसलिए बैंक बंद होने से दैनिक कामकाज पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा।
