GST on UPI Payments Fact Check: यूपीआई (UPI) यानी यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस आज हर व्यक्ति की डेली जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। ज्यादातर लोग डिजिटल पेमेंट के लिए UPI का इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि यह तेज, सेफ और अभी तक पूरी तरह फ्री है। लेकिन हाल ही में चर्चा है कि 2000 रुपये से अधिक के यूपीआई लेनदेन पर 18% GST लगाया जा सकता है। इस खबर ने आम लोगों से लेकर छोटे व्यापारियों तक को चिंता में डाल दिया है।
क्या सच में लगेगा GST? जानें क्या कहते हैं विशेषज्ञ
ईटी नाउ की रिपोर्ट के मुताबिक MIRA Money के को-फाउंडर आनंद के. राठी का कहना है कि यह सोचना गलत है कि 2000 रुपये से ऊपर के UPI ट्रांजैक्शन पर सीधे तौर पर GST लगेगा। उन्होंने बताया, "असल में GST उस सर्विस चार्ज पर लगेगा जो Google Pay, PhonePe, Paytm जैसे प्लेटफॉर्म्स द्वारा वसूला जाएगा। लेनदेन की कुल राशि पर टैक्स नहीं, बल्कि सर्विस फीस पर टैक्स लगेगा।"
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि UPI एक बैंक-टू-बैंक ट्रांसफर सिस्टम है, जिसमें सामान्यतः कोई शुल्क नहीं लिया जाता, जब तक कुछ विशेष स्थितियां न हों।
डिजिटल इकोनॉमी को लगेगा झटका?
Finkeda के चेयरमैन और एमडी मनीष कुमार गोयल का मानना है कि अगर इस तरह का टैक्स लगाया गया तो यह भारत के डिजिटल पेमेंट मिशन के लिए एक बड़ा झटका होगा। उन्होंने कहा, "UPI ने छोटे शहरों और गांवों तक कैशलेस लेनदेन को संभव बनाया है। अगर शुल्क लगाया गया, तो लोग और दुकानदार UPI से दूरी बना सकते हैं।"
UPI पर टैक्स: फिनटेक सेक्टर पर असर
SCOPE के फाउंडर और CEO अपल्ला साईकिरण ने कहा कि अगर UPI पर GST लागू होता है, तो इससे फिनटेक कंपनियों और पूरी इकोनॉमी पर असर पड़ेगा। "यह कदम accessibility और affordability की मूल भावना के खिलाफ होगा, जिस पर UPI टिका है। खासकर छोटे स्टार्टअप्स के लिए यह लागत बढ़ा सकता है," उन्होंने कहा।
छोटे कारोबारियों पर सबसे ज्यादा असर
Techjockey के को-फाउंडर आकाश नांगिया ने कहा कि देश में डिजिटल पेमेंट क्रांति ने छोटे व्यापारियों और उपभोक्ताओं के लिए एक नई राह खोली है। "हालांकि हाई प्राइस के लेनदेन पर कर लगाने का उद्देश्य आर्थिक औपचारिकता हो सकता है, लेकिन इससे Tier-2 और Tier-3 शहरों में डिजिटल अपनाने की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।"
फिलहाल कोई ऑफिशियली कंफर्मेशन नहीं
सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है कि 2000 रुपये से ऊपर के UPI ट्रांजैक्शन पर कोई GST लगेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि अफवाहों पर विश्वास करने से पहले सरकार के स्पष्टीकरण का इंतजार करना चाहिए।
