टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp का बड़ा AI अपडेट! अब चैट में ही इस्तेमाल कर सकेंगे थर्ड-पार्टी AI एजेंट

WhatsApp फिलहाल यूजर्स को एक समय में अधिकतम पांच थर्ड-पार्टी एजेंट्स कनेक्ट करने की अनुमति दे रहा है। अगर पांच एजेंट पहले से जुड़े हुए हैं, तो नया एजेंट जोड़ने के लिए किसी मौजूदा एजेंट को डिस्कनेक्ट करना होगा। कंपनी भविष्य में इस लिमिट को बदल भी सकती है।

Image

एक साथ 5 AI एजेंट कनेक्ट कर सकेंगे/Photo-AI

WhatsApp ने यूजर्स के लिए एक बड़ा AI अपडेट रोलआउट करना शुरू कर दिया है। कंपनी अब चुनिंदा यूजर्स को थर्ड-पार्टी AI एजेंट्स से WhatsApp के अंदर ही चैट करने की सुविधा दे रही है। इसके जरिए यूजर्स बाहरी कंपनियों या डेवलपर्स द्वारा बनाए गए AI एजेंट्स को अपने WhatsApp अकाउंट से कनेक्ट कर सकेंगे और अलग-अलग ऐप या वेबसाइट पर जाए बिना सीधे चैट के जरिए इनका इस्तेमाल कर सकेंगे।

WhatsApp ने इस फीचर के लिए Third Party Agents से संबंधित अलग Terms of Service भी जारी किए हैं। 25 अगस्त को अपडेट किए गए इन नियमों के मुताबिक, ये AI एजेंट WhatsApp के नहीं, बल्कि स्वतंत्र कंपनियों या डेवलपर्स द्वारा बनाए और संचालित किए जाते हैं। WhatsApp सिर्फ ऐसा प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराता है, जिसके जरिए ये एजेंट यूजर्स से बातचीत कर सकते हैं।

एक साथ 5 AI एजेंट कनेक्ट कर सकेंगे

WhatsApp फिलहाल यूजर्स को एक समय में अधिकतम पांच थर्ड-पार्टी एजेंट्स कनेक्ट करने की अनुमति दे रहा है। अगर पांच एजेंट पहले से जुड़े हुए हैं, तो नया एजेंट जोड़ने के लिए किसी मौजूदा एजेंट को डिस्कनेक्ट करना होगा। कंपनी भविष्य में इस लिमिट को बदल भी सकती है।

WhatsApp Help Centre के मुताबिक, यूजर्स ऐप के भीतर इन एजेंट्स से चैट कर सकते हैं। यहां तक कि थर्ड-पार्टी डेवलपर्स के टूल्स और कोड की मदद से यूजर्स खुद बनाए गए एजेंट्स को भी कनेक्ट किया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि कोई थर्ड-पार्टी एजेंट सिर्फ वही जानकारी एक्सेस कर सकता है, जो यूजर उसके साथ शेयर करता है।

कैसे काम करेगा WhatsApp का AI Agent फीचर?

इस फीचर को WhatsApp ट्रैकर WABetaInfo ने Android के WhatsApp Beta वर्जन 2.26.35.3 में देखा है। रिपोर्ट के मुताबिक, यूजर्स WhatsApp की सेटिंग्स में जाकर थर्ड-पार्टी एजेंट को जोड़ और कॉन्फिगर कर सकेंगे। इसके बाद उस एजेंट के लिए एक अलग चैट दिखाई देगी, जहां यूजर सीधे बातचीत कर पाएंगे।

रिपोर्ट के अनुसार, एजेंट सेटअप करते समय यूजर उसका नाम और प्रोफाइल फोटो भी तय कर सकता है। WhatsApp एजेंट को चैट से कनेक्ट करने के लिए एक API Key जनरेट करता है। इसके बाद एजेंट एक अलग बातचीत के जरिए उपलब्ध हो जाता है। लहाल यह फीचर सीमित संख्या में यूजर्स और चुनिंदा देशों में उपलब्ध कराया जा रहा है। WhatsApp ने अभी इसके ग्लोबल या व्यापक रोलआउट की तारीख की घोषणा नहीं की है।

सिर्फ Generative AI तक सीमित नहीं होगा फीचर

WhatsApp की ओर से जारी डॉक्यूमेंटेशन में सिर्फ AI चैटबॉट्स की बात नहीं की गई है। इसमें AI एजेंट्स के साथ अन्य ऑटोमेटेड सर्विसेज भी शामिल हैं। यानी भविष्य में इस फीचर का इस्तेमाल अलग-अलग तरह के ऑटोमेटेड एजेंट्स के साथ बातचीत के लिए किया जा सकता है।

AI एजेंट चैट में नहीं मिलेगा End-to-End Encryption

इस नए फीचर के साथ यूजर्स को प्राइवेसी को लेकर खास सावधानी बरतनी होगी। WhatsApp की सामान्य पर्सनल चैट और कॉल्स एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहती हैं, लेकिन थर्ड-पार्टी AI एजेंट्स के साथ होने वाली बातचीत एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड नहीं होगी।

WhatsApp के मुताबिक, इन चैट्स को एजेंट डेवलपर की ओर से Meta की सर्विस के जरिए मैनेज किया जाता है। थर्ड-पार्टी एजेंट का ऑपरेटर यूजर के भेजे गए मैसेज को प्राप्त, प्रोसेस और स्टोर कर सकता है। इस डेटा का इस्तेमाल किस तरह किया जाएगा, यह संबंधित एजेंट प्रोवाइडर की अपनी डेटा हैंडलिंग प्रैक्टिस पर निर्भर करेगा।

AI एजेंट इस्तेमाल करने से पहले प्राइवेसी पॉलिसी जरूर पढ़ें

WhatsApp ने यह भी स्पष्ट किया है कि थर्ड-पार्टी AI एजेंट स्वतंत्र सेवाएं हैं। कंपनी इन एजेंट्स को खुद डेवलप, ऑपरेट, कंट्रोल या वेरिफाई नहीं करती और न ही जरूरी तौर पर उनका समर्थन करती है। इसलिए किसी AI एजेंट के साथ बातचीत शुरू करने से पहले यूजर्स को संबंधित सर्विस की Terms और Privacy Policy जरूर पढ़ने की सलाह दी गई है।

WhatsApp पर तेजी से बढ़ रहा AI का इस्तेमाल

थर्ड-पार्टी AI एजेंट फीचर Meta की WhatsApp पर बढ़ती AI मौजूदगी का हिस्सा है। कंपनी पहले ही बिजनेस यूजर्स के लिए AI आधारित टूल्स पेश कर चुकी है। Meta Business Agent के जरिए बिजनेस WhatsApp, Messenger और Instagram पर ग्राहकों के सवालों का जवाब देने, प्रोडक्ट रिकमेंड करने, अपॉइंटमेंट बुक करने, लीड हासिल करने और बिक्री में मदद जैसे काम कर सकते हैं।

भारत में पात्र छोटे कारोबारियों के लिए WhatsApp Business ऐप में Business AI भी उपलब्ध कराया गया है। यह टूल कस्टमर क्वेरी का जवाब देने, प्रोडक्ट रिकमेंड करने, लीड हासिल करने, अपॉइंटमेंट बुक करने और सेल्स सपोर्ट जैसे कामों में मदद कर सकता है।

ऐप बदले बिना AI सर्विस इस्तेमाल करने की तैयारी

फिलहाल थर्ड-पार्टी AI एजेंट फीचर सीमित यूजर्स तक पहुंचा है, लेकिन इसका व्यापक रोलआउट WhatsApp के इस्तेमाल का तरीका बदल सकता है। अगर यह फीचर बड़े स्तर पर उपलब्ध होता है, तो यूजर्स अलग-अलग AI ऐप्स और वेबसाइट्स पर जाने के बजाय WhatsApp की चैट के भीतर ही कई तरह की AI सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, इस दौरान डेटा प्राइवेसी और थर्ड-पार्टी एजेंट की विश्वसनीयता को लेकर सावधानी बरतना बेहद जरूरी होगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article