Savings Account Mistakes: आप भी अपनी सेविंग्स को सेविंग अकाउंट (Savings Account) में संभाल कर रखते होंगे। क्या आप भी केवल ज्यादा ब्याज दर के आधार पर बैंक को चुनते हैं। अगर हां तो आपका यह फैसला सही नहीं हो सकता। ज्यादा ब्याज दर पहली नजर में आकर्षक जरूर लगती है, लेकिन बड़ी रकम के मामले में सुरक्षा, पैसे निकालने की सुविधा और बैंक के चार्ज जैसी कई चीजें भी महत्वपूर्ण हो जाती हैं। ऐसे में Savings Account चुनते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान जरूर रखा जाना चाहिए-
Savings Account चुनते समय इन बातों का रखें ख्याल
अलग-अलग बैलेंस स्लैब के नियम
बड़े बैलेंस पर ब्याज दर में छोटा-सा अंतर भी मायने रख सकता है। हालांकि, बैंक की ओर से बताई जा रही ब्याज दर हर बैलेंस पर लागू हो, यह जरूरी नहीं है। RBI के नियमों के तहत बैंक 1 लाख रुपये से ज्यादा के बैलेंस पर तय शर्तों के साथ अलग-अलग ब्याज दरें दे सकते हैं। इसलिए बैंक का विज्ञापन देखकर केवल ‘Up to’ ब्याज दर पर भरोसा न करें। यह जरूर देखें कि आपके खाते में मौजूद वास्तविक रकम पर कितनी ब्याज दर मिलेगी और अलग-अलग बैलेंस स्लैब पर क्या नियम हैं।
5 लाख रुपये की Deposit Insurance सीमा
बड़ी रकम रखने वालों के लिए बैंक की सुरक्षा सबसे अहम है। DICGC (Deposit Insurance and Credit Guarantee Corporation) के तहत बीमित बैंक में एक जमाकर्ता को एक बैंक में अधिकतम 5 लाख रुपये तक की जमा राशि पर बीमा सुरक्षा मिलती है। इसमें मूलधन और जमा हुआ ब्याज दोनों शामिल हैं। अगर आपके एक ही बैंक की अलग-अलग शाखाओं में कई खाते हैं, तो इससे बीमा सीमा नहीं बढ़ती, क्योंकि जमा राशि को मिलाकर देखा जाता है। इसलिए 5 लाख रुपये से काफी ज्यादा रकम रखने वालों को अलग-अलग बैंकों में रकम बांटने पर विचार करना चाहिए।
जरूरत के समय पैसे की उपलब्धता
Savings Account का एक बड़ा फायदा पैसे की तुरंत उपलब्धता है। इसलिए खाता चुनते समय Daily Transfer Limit, ATM Limit, IMPS, NEFT और RTGS की सुविधा जरूर देखें। चेक सुविधा और बड़ी रकम के ट्रांसफर पर बैंक की अतिरिक्त पाबंदियां भी समझें। ज्यादा ब्याज मिलने का फायदा तब कम हो जाता है, जब जरूरत पड़ने पर अपना पैसा निकालना मुश्किल हो।
बैंक के चार्ज भी जरूर जांचें
Minimum Balance, Cash Handling, Debit Card और दूसरी बैंकिंग सेवाओं से जुड़े चार्ज को भी ध्यान से देखें। कुछ Premium Accounts में Relationship Manager या अन्य सुविधाएं मिलती हैं, लेकिन अगर आप इनका इस्तेमाल नहीं करते हैं तो सिर्फ Premium नाम देखकर ज्यादा शुल्क देना समझदारी नहीं है।
बड़ी रकम के लिए अपनाएं सही रणनीति
अगर पूरी रकम की तुरंत जरूरत नहीं है तो उसे सिर्फ Savings Account में रखने के बजाय कुछ हिस्सा Savings Account में और बाकी रकम को जरूरत और लक्ष्य के हिसाब से Fixed Deposit या दूसरे विकल्पों में रखने पर विचार किया जा सकता है। इससे जरूरत के समय कुछ पैसा आसानी से उपलब्ध रहेगा और बाकी रकम पर बेहतर रिटर्न मिलने की संभावना हो सकती है।
