Technocraft Ventures IPO GMP and Subscription : आईपीओ बाजार में फिर से निवेशकों की जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिल रही है। ₹251.88 करोड़ का Technocraft Ventures IPO सब्सक्रिप्शन के आखिरी दिन 11 अगस्त को सुबह 11 बजे तक 8 गुना यानी 800% सब्सक्राइब हो चुका था। यानी जितने शेयर निवेशकों के लिए उपलब्ध कराए गए हैं, उनके मुकाबले करीब 8 गुना ज्यादा शेयरों के लिए बोली लग चुकी है। सबसे खास बात यह है कि IPO को सिर्फ एक कैटेगरी से नहीं, बल्कि रिटेल और नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों से भी मजबूत रिस्पॉन्स मिल रहा है। वहीं ग्रे मार्केट में भी शेयर का प्रीमियम बढ़कर ₹30 तक पहुंच गया है। इससे आईपीओ की संभावित लिस्टिंग को लेकर बाजार में पॉजिटिव सेंटीमेंट बना हुआ है।
निवेशकों में लगी होड़
Technocraft Ventures IPO में कुल 83.17 लाख शेयर ऑफर किए गए हैं, जबकि 11 अगस्त को सुबह 10:33 बजे तक 6.72 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोली लग चुकी थी। कैटेगरी के हिसाब से देखें तो रिटेल निवेशकों का हिस्सा 7.88 गुना सब्सक्राइब हुआ है। वहीं, अमीर निवेशक यानी NII कैटेगरी में 13.31 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। इसके अलावा संस्थागत निवेशक यानी QIB कैटेगरी में करीब 5 गुना सब्सक्रिप्शन देखने को मिला है।
GMP भी दे रहा दमदार संकेत
Technocraft Ventures IPO का ग्रे मार्केट प्रीमियम फिलहाल ₹30 बताया जा रहा है। कंपनी के शेयर का अपर प्राइस बैंड ₹212 है। इस हिसाब से ग्रे मार्केट के मौजूदा प्रीमियम को जोड़ें तो संभावित लिस्टिंग प्राइस करीब ₹242 बैठता है। यानी ₹212 के इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब ₹30 या 14.15% प्रीमियम का संकेत मिल रहा है। अगर यही GMP लिस्टिंग तक कायम रहता है तो एक लॉट पर संभावित फायदा करीब ₹2,100 हो सकता है। एक लॉट में 70 शेयर हैं और अपर प्राइस बैंड पर इसके लिए ₹14,840 लगाने होंगे। हालांकि, GMP सिर्फ ग्रे मार्केट का अनऑफिशियल संकेत है। वास्तविक लिस्टिंग प्राइस इससे अलग हो सकता है।
₹252 करोड़ का IPO
Technocraft Ventures IPO का कुल इश्यू साइज ₹251.88 करोड़ है। इसमें ₹201.51 करोड़ का फ्रेश इश्यू और ₹50.37 करोड़ का ऑफर फॉर सेल शामिल है।IPO का प्राइस बैंड ₹200 से ₹212 प्रति शेयर रखा गया है। एक लॉट में 70 शेयर हैं। IPO 7 अगस्त को खुला था और 11 अगस्त को बंद हो रहा है। शेयरों का अलॉटमेंट 12 अगस्त को होने की उम्मीद है, जबकि संभावित लिस्टिंग 14 अगस्त को BSE और NSE पर हो सकती है।
कंपनी क्या करती है?
Technocraft Ventures इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन यानी ईपीसी प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। कंपनी पानी और वेस्टवॉटर इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क और हाईवे, अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर, पावर डिस्ट्रीब्यूशन और ट्रेंचलेस माइक्रो-टनलिंग जैसे काम करती है। कंपनी का फोकस मुख्य रूप से उत्तर भारत में सरकारी विभागों और एजेंसियों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : 8th Pay Commission : वेतन, भत्ते और पेंशन में बढ़ोतरी कब तक? सरकार ने संसद में दिया जवाब
