Post Office MIS Calculator: शेयर बाजार में निवेशक को लगातार नुकसान हो रहा है। ऐसा बाजार में लगातार गिरावट आने के कारण है। इससे निवेशक निराश हैं। शेयर बाजार के निवेशक ज्यादा रिटर्न के लिए मार्केट में पैसा लगाते हैं लेकिन पिछले दो साल में अधिकांश निवेशकों को निगेटिव रिटर्न मिला है। बहुत सारी म्यूचुअल फंड स्कीम में निवेशकों को निगेटिव रिटर्न मिला है। इसके चलते SIP करने वाले निवेशकों को समझ में नहीं आ रहा है कि वो क्या करें? अगर आप भी उन लोगों में शामिल हैं तो हम आपको आज Post Office की बेस्ट स्कीम के बारे में बता रहे हैं। स्कीम का नाम मंथली इनकम स्कीम (MIS) है। इस स्कीम में आप बिना बाजार जोखिम के मंथली इनकम प्राप्त कर सकते हैं। आइए इस स्कीम के बारे में।
पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम (MIS)
पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम (MIS) हर महीने पक्की इनकम के लिए एक सुरक्षित इन्वेस्टमेंट का मौका देती है। अभी इस स्कीम पर 7.4% की दर से ब्याज मिल रही है। यानी बैंक एफडी के मुकाबले आप ज्यादा रिटर्न प्राप्त कर सकते हैं। ऐसे में अगर आप ₹15 लाख इस स्कीम में जॉइंट अकाउंट के जरिये निवेश करते हैं तो हर महीने ₹9,250 कमा सकते हैं। आपको पांच सालों में कुल ₹5.55 लाख मिलेंगे। मैच्योरिटी से पहले पैसे निकालने पर पेनल्टी लगती है। 1 से 3 साल के अंदर निकालने पर 2% और 3 से 5 साल के अंदर निकालने पर 1% पेनल्टी है। डाकघर की इस स्कीम में कोई भी अकाउंट खोल सकता है, जिसमें माता-पिता के जरिए नाबालिग भी शामिल हैं, जिससे यह उन सीनियर सिटीजन्स के लिए खास तौर पर फायदेमंद है जो मूलधन को जोखिम में डाले बिना रेगुलर इनकम चाहते हैं।
1000 रुपये से निवेश शुरू करने की सुविधा
पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम (MIS) में निवेश की शुरुआत 1000 रुपये से की जा सकती है। वहीं, सिंगल अकाउंट में अधिकतम निवेश सीमा 9 लाख और जॉइंट अकाउंट में 15 लाख रुपये है।
कौन कर सकता है निवेश?
- व्यक्ति भारत का नागरिक होना चाहिए।
- सिंगल वयस्क अपने नाम से खाता खोल सकता है।
- ज्वाइंट अकाउंट अधिकतम तीन वयस्क मिलकर खोल सकते हैं।
- नाबालिग की ओर से अभिभावक खाता खोल सकता है।
- मानसिक रूप से असमर्थ व्यक्ति की ओर से अभिभावक खाता खोल सकता है (अब इसे अधिकृत खाता कहा जाता है)।
- 10 वर्ष या उससे अधिक आयु का नाबालिग स्वयं खाता खोल और संचालित कर सकता है।
- कोई भी व्यक्ति जमा सीमा के अधीन रहते हुए, एकल या संयुक्त रूप से एक से अधिक खाते खोल और संचालित कर सकता है।
किसके लिए बेस्ट है यह स्कीम?
वैसे निवेशक जो अपने पैसे पर बिल्कुल जोखिम नहीं चाहते हैं, इस स्कीम में निवेश कर सकते हैं। सरकारी गारंटी होने के कारण पैसे डूबने का खतरा बिल्कुल नहीं है। आपको पहले से तय ब्याज पर रिटर्न मिलता रहता है।
