बिजनेस

EPF खाते में अभी तक नहीं आया ब्याज, जानें इस देरी का आपकी बचत पर क्या होगा असर?

EPFO ने इस साल का ब्याज सभी EFP खातों में जमा करा दिया है। लेकिन, अगर आपके खाते में अब भी रकम नहीं आई है, तो समझें यह आपकी सेविंग्स पर कैसे असर डाल सकता है?

Image

पीएफ का ब्याज जमा होने में देरी का मतलब

EPFO Interest Payment : अगर आपके कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाते में अभी तक वित्त वर्ष 2025-26 का ब्याज नहीं दिख रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने 15 जुलाई, 2026 से 8.25% सालाना ब्याज खातों में जमा करना शुरू कर दिया है, लेकिन यह प्रक्रिया सभी खातों में एक साथ पूरी नहीं होती। यही वजह है कि कई सदस्यों के पास ब्याज का संदेश (SMS) पहुंच चुका है, जबकि कई लोगों के पास अभी तक कोई सूचना नहीं आई है। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपका ब्याज कम मिलेगा या नहीं मिलेगा।

क्यों हो रही है ब्याज दिखने में देरी?

EPFO हर साल ब्याज को चरणबद्ध तरीके से खातों में जोड़ता है। ब्याज जमा होने के बाद ही पासबुक में नई एंट्री दिखाई देती है और सदस्यों को SMS भेजा जाता है।इसलिए अगर आपकी पासबुक अभी अपडेट नहीं हुई है, तो कुछ दिन इंतजार करना ही बेहतर है।

क्या देरी से ब्याज कम हो जाएगा?

EPF Interest Credit Delay : यह सवाल सभी को सबसे ज्यादा परेशान करता है। इसका सीधा जवाब है, नहीं। क्योंकि, EPF खाते में ब्याज हर महीने के रनिंग बैलेंस के आधार पर गिना जाता है, लेकिन इसे साल में एक बार खाते में जोड़ा जाता है। इसलिए पासबुक में ब्याज देर से दिखाई देने का आपकी कमाई पर कोई असर नहीं पड़ता। यानी चाहे ब्याज जुलाई में दिखे या कुछ महीने बाद, आपको पूरे साल के लिए 8.25% की दर से ही ब्याज मिलेगा।

EPF का ब्याज कैसे तय होता है?

8.25% सालाना ब्याज का मतलब लगभग 0.688% प्रति माह होता है। हालांकि हर महीने आपके खाते के बैलेंस पर ब्याज की गणना होती रहती है, लेकिन सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ईपीएफओ पूरे साल का ब्याज एक साथ खाते में जमा करता है। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया के अनुसार, ईपीएफओ करीब 34 करोड़ खातों में 1.44 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ब्याज जमा करने की प्रक्रिया चला रहा है और अपडेट 15 जुलाई से दिखाई देने शुरू हो गए हैं।

कब हो सकता है नुकसान?

एक स्थिति ऐसी है, जिसमें सदस्य को नुकसान हो सकता है। अगर आपने पूरे EPF खाते का पैसा निकालकर खाता बंद कर दिया और उस समय तक उस वित्त वर्ष का सालाना ब्याज खाते में जमा नहीं हुआ था, तो उस अवधि का ब्याज मिलने में दिक्कत आ सकती है। EPFO खाता बंद करते समय अस्थायी (प्रोविजनल) ब्याज नहीं जोड़ता। इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि यदि बहुत जरूरी न हो, तो सालाना ब्याज खाते में आने से पहले पूरा पैसा निकालने से बचें।

कैसे देखें कि ब्याज आया या नहीं?

EPF का ब्याज चेक करने के लिए EPFO के सदस्य पोर्टल पर लॉग इन करें। 'व्यू' मेन्यू में जाकर 'पासबुक' चुनें। इसके बाद अपने UAN और पासवर्ड से लॉग इन करें।

यहां, जिस ID की पासबुक देखनी है, उसे खोलें। इसके बाद अगर ब्याज जमा हो गया है, तो अंतिम एंट्री में "Interest updated up to 15/07/2026" लिखा दिखाई देगा। रूरत हो तो पासबुक को पीडीएफ में डाउनलोड भी किया जा सकता है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article