क्रिकेट

IPL 2027: पंजाब किंग्स में होगी हार्दिक पांड्या की एंट्री, ट्रे़ड डील हुई पक्की, आधिकारिक ऐलान बाकी

आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी से पहले हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियन्स से छुट्टी हो गई है। पंजाब किंग्स के साथ मुंबई इंडियन्स की अर्शदीप सिंह के बदले हार्दिक पांड्या वाली ट्रेड डील तय हो गई है। डील का आधिकारिक ऐलान बाकी है।

Image

हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: आईपीएल नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली (ट्रेड) पर सहमति बन गई है जिससे स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया है जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस में चले गए हैं।

श्रेयस की कप्तानी में खेलने को लेकर खुश हैं हार्दिक

आईपीएल से जुड़े एक सूत्र ने इस ट्रेड की पुष्टि की है। सूत्र ने बताया कि हार्दिक पांड्या श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने को लेकर खुश हैं। उम्मीद है कि श्रेयस अय्यर आगामी सत्र में भी पंजाब किंग्स के कप्तान बने रहेंगे। सूत्र ने कहा,'ट्रेड पूरा हो चुका है। हार्दिक पंजाब किंग्स में जा रहे हैं और अर्शदीप मुंबई इंडियंस में शामिल हो रहे हैं। हार्दिक श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलने को लेकर खुश हैं।'

इनका है अर्शदीप के बदले हार्दिक वाला फैसला

उनके अनुसार,'अर्शदीप के बदले हार्दिक को ट्रेड करने का फैसला कप्तान और कोच का था। अर्शदीप लंबे समय से पंजाब किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं और फ्रेंचाइजी के लिए शानदार प्रदर्शन करके आज इस मुकाम तक पहुंचे हैं।'सूत्र ने कहा, 'फ्रेंचाइजी के मालिकों के लिए यह फैसला आसान नहीं था क्योंकि अर्शदीप ने टीम के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान बनाई है। हालांकि, कप्तान और कोच ने इस फैसले को आगे बढ़ाया और अब यह तय हो गया है।'

खत्म हो जाएगी हार्दिक की मुंबई के साथ दूसरी पारी

इस ट्रेड के साथ मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक का दूसरा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। हार्दिक 2024 सत्र में मुंबई इंडियंस में लौटे थे और उन्हें लंबे समय तक टीम की कप्तानी करने वाले रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया गया था। हालांकि हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का सफर उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पांच बार की चैंपियन टीम हार्दिक के नेतृत्व संभालने के बाद तीन सत्र में से दो बार प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article