बिजनेस

महंगाई के मोर्चे पर बड़ी राहत, जनवरी में खुदरा महंगाई दर पांच महीने के निचले स्तर 4.31 प्रतिशत रही

Indias Retail Inflation: महंगाई में गिरावट की वजह खाद्य उत्पादों की कीमतों में कमी होना है। जनवरी में खाद्य महंगाई दर 6.02 प्रतिशत रही है। यह दिसंबर में 8.39 प्रतिशत थी। यह खाद्य महंगाई दर का अगस्त, 2024 के बाद सबसे निचला स्तर है। बीते महीने खाद्य महंगाई दर ग्रामीण इलाकों में 6.31 प्रतिशत और शहरी इलाकों में 5.53 प्रतिशत रही है।

Image

Indias Retail Inflation

Indias Retail Inflation: भारत में महंगाई के मोर्चे पर आम लोगों के लिए खुशखबरी है। जनवरी में खुदरा महंगाई दर गिरकर पांच महीने के निचले स्तर 4.31 प्रतिशत पर पहुंच गई है। इससे पहले दिसंबर में यह 5.22 प्रतिशत पर थी। यह जानकारी सरकार द्वारा बुधवार को जारी किए गए डेटा में दी गई। महंगाई में कमी ऐसे समय पर आई है जब बीते हफ्ते भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से रेपो रेट को 25 आधार अंक या 0.25 प्रतिशत की कमी करके 6.25 प्रतिशत कर दिया गया है।

महंगाई में गिरावट की वजह खाद्य उत्पादों की कीमतों में कमी होना है। जनवरी में खाद्य महंगाई दर 6.02 प्रतिशत रही है। यह दिसंबर में 8.39 प्रतिशत थी। यह खाद्य महंगाई दर का अगस्त, 2024 के बाद सबसे निचला स्तर है। बीते महीने खाद्य महंगाई दर ग्रामीण इलाकों में 6.31 प्रतिशत और शहरी इलाकों में 5.53 प्रतिशत रही है।

ग्रामीण इलाकों में समग्र महंगाई दर जनवरी में 4.64 प्रतिशत रही है, जो कि दिसंबर में 5.76 प्रतिशत पर थी। वहीं, शहरी इलाकों में समग्र महंगाई दर बीते महीने 3.87 प्रतिशत रही है, जो कि दिसंबर में 4.58 प्रतिशत पर थी। हाउसिंग महंगाई दर जनवरी 2025 में 2.76 प्रतिशत रही है, जो कि दिसंबर में 2.71 प्रतिशत थी। सरकार द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, "जनवरी महीने के दौरान सकल महंगाई दर और खाद्य महंगाई दर में मजबूत गिरावट का मुख्य कारण सब्जियों, अंडा, दालें, अनाज, शिक्षा, कपड़े और स्वास्थ्य महंगाई दर में गिरावट है।"

जनवरी में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले नारियल तेल की कीमत में 54.20 प्रतिशत, आलू के दाम में 49.61 प्रतिशत, नारियल की कीमत में 38.71 प्रतिशत, लहसुन की कीमत में 30.65 प्रतिशत और मटर (सब्जी ) की कीमत में 30.17 प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली है। वहीं, सालाना आधार पर जीरे की कीमत में -32.25 प्रतिशत, अदरक की कीमत में -30.92 प्रतिशत, सूखी मिर्च की कीमत में -11.27 प्रतिशत, बैंगन में -9.94 प्रतिशत और एलपीजी (वाहन को छोड़कर) की कीमत में -9.29 प्रतिशत की कमी आई है।

ईंधन और बिजली की कीमत में महंगाई दर जनवरी में -1.38 प्रतिशत रही है। दिसंबर 2024 में यह -1.33 प्रतिशत थी। यह दिखाता है कि ईंधन की कीमतों में कमी आ रही है।

इनपुट-आईएएनएस

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article