बिजनेस

इस कंपनी के कर्मचारियों की किस्मत चमकी, 2027 तक 31,000 रुपये बढ़ेगा वेतन

हुंदै मोटर इंडिया में काम करने वाले कर्मचारियों की दिवाली पहले ही हो गई है। दरअसल, कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए वेतन में बड़ी बढ़ोतरी का ऐलान किया है।

Image

वेतन

हुंदै मोटर इंडिया में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। ऑटो कंपनी ने अपने कर्मचारियों के वेतन में बड़ी बढ़ोतरी का ऐलान किया है। आपको बता दें कि हुंदै मोटर इंडिया ने एक अप्रैल, 2024 से 31 मार्च, 2027 तक की अवधि के लिए अपने कर्मचारियों के वेतन में 31,000 रुपये की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि यह दीर्घकालिक वेतन समझौता कंपनी और कर्मचारियों की मान्यता प्राप्त यूनियन यूनाइटेड यूनियन ऑफ हुंदै एम्प्लॉइज (यूयूएचई) के बीच हुआ है। यह समझौता मुख्य रूप से तकनीशियन और मजदूर वर्ग के कर्मचारियों के लिए लागू होगा।

इस तरह बढ़ेगी सैलरी

हुंदै ने बताया कि यह 31,000 रुपये की वेतन वृद्धि तीन साल में 55 प्रतिशत पहले साल, 25 प्रतिशत दूसरे साल और 20 प्रतिशत तीसरे साल के हिसाब से दी जाएगी। हुंदै मोटर इंडिया के पीपल स्ट्रैटेजी प्रमुख यंगम्यांग पार्क ने कहा, "आपसी विश्वास, सम्मान और सकारात्मक संवाद पर आधारित यह समझौता एक ऐसी प्रगतिशील कार्यस्थल संस्कृति को बढ़ावा देने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो कर्मचारियों के कल्याण को प्राथमिकता देती है और संगठन के दीर्घकालिक विकास को सशक्त बनाती है।"

कंपनी के शेयर में जबरदस्त तेजी

कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी के फैसले के बाद बुधवार को कंपनी का शेयर रिकॉर्ड हाई 2,650.40 रुपये पर पहुंच गया। आपको बता दें कि पिछले छह महीने में कंपनी के शेयर में 66.38% की जोरदार तेजी दर्ज की गई है। कंपनी का शेयर 1593 रुपये से 2600 के पार निकल गया है। जीएसटी कटौती का फायदा वाहन कंपनियों को जबरदस्त तरीके से मिलने की उम्मीद है। इसके दम पर ऑटो कंपनियों का मुनाफा बढ़ेगा। इसके चलते भी ऑटो स्टॉक्स में तेजी दर्ज की जा रही है।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article