बिजनेस

दिल्ली के बाजारों में होली की जबरदस्त धूम, इस बार 2000 करोड़ के कारोबार की उम्मीद

दिल्ली के व्यापारियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव गुरमीत अरोड़ा ने बताया कि इस बार होली पर करीब 2000 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।

Image

होली शॉपिंग

दिल्ली में इस बार होली का रंग पहले से कहीं ज्यादा गाढ़ा नजर आ रहा है। राजधानी और एनसीआर के अलग अलग इलाकों में होली मंगल मिलन कार्यक्रमों की भरमार है। बाजार एसोसिएशन, सामाजिक संस्थाएं और आरडब्ल्यूए बड़े पैमाने पर आयोजन कर रही हैं। लोग एक दूसरे को चंदन का टीका लगा रहे हैं, गुलाल और फूलों से होली खेल रहे हैं। कई जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम, डांस, लाइव म्यूजिक और खाने पीने की खास व्यवस्था की जा रही है। त्योहार से पहले ही माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो चुका है।

2000 करोड़ के व्यापार का अनुमान

दिल्ली के व्यापारियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल और महासचिव गुरमीत अरोड़ा ने बताया कि इस बार होली पर करीब 2000 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। उनका कहना है कि आम सालों के मुकाबले इस बार होली मिलन समारोह लगभग चार गुना तक बढ़ गए हैं। एक दिन में कई कई कार्यक्रम हो रहे हैं। जो संस्थाएं तीन चार साल में एक बार कार्यक्रम करती थीं, वे भी इस बार आयोजन कर रही हैं।

5000 से ज्यादा होली मिलन कार्यक्रम का होना है आयोजन

सीटीआई के मुताबिक पूरी दिल्ली में इस बार 5000 से ज्यादा होली मिलन कार्यक्रम हो रहे हैं। इन आयोजनों से बाजार में रौनक बढ़ी है और छोटे बड़े कारोबारियों को काम मिल रहा है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को सीधा फायदा हो रहा है।

होली की धूम में इन सेक्टरों को मिल रहा सीधा फायदा

सीटीआई उपाध्यक्ष राहुल अदलखा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक गर्ग ने बताया कि होली के कार्यक्रमों से टेंट हाउस, एंकर, गायक, डांस कलाकार, हलवाई, साउंड और डीजे ऑपरेटर, इवेंट ऑर्गनाइजर, बैंक्वेट हॉल, रंग और गुलाल विक्रेता, फूलों के व्यापारी, पिचकारी विक्रेता, मेकअप आर्टिस्ट, कैटरर, लाइटिंग डेकोरेटर, मिठाई और लिकर कारोबारियों को सीधा फायदा मिल रहा है। लोग बढ़ चढ़कर कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं, जिससे बाजार में पैसा घूम रहा है।

4 मार्च को दिल्ली के 700 बाजार रहेंगे बंद

बृजेश गोयल ने बताया कि 4 मार्च को धुलेंडी के दिन दिल्ली के 700 से ज्यादा छोटे बड़े बाजार बंद रहेंगे। इनमें कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, नया बाजार, खारी बावली, भागीरथ प्लेस, सदर बाजार, करोल बाग, मोरी गेट, कनॉट प्लेस, लाजपत नगर, साउथ एक्स, नेहरू प्लेस, कमला नगर, राजौरी गार्डन, रोहिणी, पीतमपुरा, शाहदरा, कृष्णा नगर और तिलक नगर जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं।

औद्योगिक क्षेत्रों में भी रहेगी छुट्टी

होली के मौके पर दिल्ली के सभी 56 औद्योगिक क्षेत्रों में भी फैक्ट्रियां बंद रहेंगी। सीटीआई के मुताबिक कर्मचारी और स्टाफ भी अपने परिवार के साथ त्योहार मनाना चाहते हैं। कई मजदूर होली पर अपने गांव चले जाते हैं, इसलिए इस दिन बाजार और उद्योग दोनों में अवकाश रहेगा।

2 मार्च को हो सकता है होलिका दहन

इस बार 3 मार्च को ग्रहण होने की वजह से कई जगह 2 मार्च को होलिका दहन का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर भी तैयारियां जोरों पर हैं। कुल मिलाकर इस बार होली सिर्फ रंगों का नहीं बल्कि कारोबार का भी बड़ा त्योहार साबित होने जा रही है। दिल्ली के बाजारों में उत्साह और उम्मीद दोनों चरम पर हैं।

Alok Kumr
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article