अगर आप खुद का बिजनेस शुरू करने का मन बना रहे हैं, तो यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show) आपके लिए एक बेहतरीन अवसर लेकर आया है। यहां न केवल आप उत्तर प्रदेश के 75 जिलों के लजीज व्यंजनों, प्रसिद्ध मिठाइयों और नमकीन का स्वाद ले सकते हैं, बल्कि अपनी पसंद के ब्रांड की फ्रेंचाइजी लेकर नया व्यापार भी शुरू कर सकते हैं। 25 से 29 सितंबर तक चल रहे UPITS 2026 में One District, One Cuisine यानी ODOC के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को खास जगह दी गई है।
इस ट्रेड शो में प्रदेश भर के मशहूर हस्तशिल्प (Handmade Products), कपड़े और अन्य प्रसिद्ध उत्पादों के साथ-साथ व्यंजनों के स्पेशल स्टॉल्स लगाए गए हैं। नए उद्यमियों और बिजनेस शुरू करने के इच्छुक लोगों के लिए यह एक ही छत के नीचे नेटवर्किंग और फ्रेंचाइजी डील फाइनल करने का बेहतरीन जगह है। मैं इस समय ट्रेड शो में मौजूद हूं और यहां एक खास चीज ध्यान खींच रही है, एक ही जगह पर आगरा का पेड़ा, मथुरा का पेड़ा, मैनपुरी की सोनपापड़ी, फिरोजाबाद की कचौड़ी, अलीगढ़ की चमचम, कासगंज का कलाकंद और एटा का घेवर जैसे स्थानीय स्वाद देखने को मिल रहे हैं।
यहां सिर्फ स्वाद नहीं, कारोबार भी
इस पूरे पवेलियन को अगर एक कारोबारी की नजर से देखें तो कहानी और दिलचस्प हो जाती है। मान लीजिए आप नोएडा, दिल्ली, लखनऊ या किसी दूसरे शहर में मिठाई या स्नैक का कारोबार शुरू करना चाहते हैं। आमतौर पर आपको अलग-अलग शहरों में जाकर उत्पाद, निर्माता और सप्लायर तलाशने पड़ सकते हैं। लेकिन यहां एक ही जगह पर अलग-अलग जिलों के स्थानीय फूड उत्पादकों से मिलने और उनके उत्पाद समझने का मौका मिल रहा है।
कौन सा उत्पाद पैक होकर दूसरे शहर तक जा सकता है? किस मिठाई की शेल्फ लाइफ ज्यादा है? किस उत्पाद की स्थानीय पहचान मजबूत है? कौन सा कारोबारी अपने उत्पाद का बाजार बढ़ाना चाहता है? ऐसे सवालों के जवाब आपको सीधे स्टॉल पर कारोबारियों से बातचीत करके मिल सकते हैं। ट्रेड शो का उद्देश्य भी स्थानीय खाद्य उद्यमियों को व्यापक बाजार से जोड़ना और उन्हें नए कारोबारी अवसर उपलब्ध कराना है।
