बिजनेस

केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी सुविधा का ऐलान, सरकार ने लॉन्च किया 'नया वेतन खाता पैकेज'

New Salary Account Package: वित्तीय सेवा विभाग (DFS) ने केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए ‘संयुक्त वेतन खाता पैकेज’ (Joint Salary Account Package) शुरू किया है। इसका उद्देश्य एक ही खाते में बैंकिंग, बीमा और कार्ड से जुड़ी सुविधाएं देना है। यह पैकेज कर्मचारियों को बेहतर वित्तीय सुरक्षा, आसान सेवाएं और एकीकृत समाधान प्रदान करता है।

Image

केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए नया वेतन खाता पैकेज (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

New Salary Account Package : केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी सुविधा की घोषणा की गई है। वित्त मंत्रालय के तहत वित्तीय सेवा विभाग (DFS) ने बुधवार को ‘संयुक्त वेतन खाता पैकेज’ (Joint Salary Account Package) पेश किया है। इस पैकेज का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को एक ही खाते में बैंकिंग, बीमा और कार्ड से जुड़ी कई सुविधाएं देना है।

एक खाते में बैंकिंग, बीमा और कार्ड की सुविधा

यह नया वेतन खाता पैकेज तीन मुख्य हिस्सों पर आधारित है। बैंकिंग, बीमा और कार्ड। इसके जरिए केंद्र सरकार के कर्मचारियों को अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग जगह जाने की जरूरत नहीं होगी। यह पैकेज एक तरह से वन-स्टॉप फाइनेंशियल सॉल्यूशन के रूप में तैयार किया गया है।

सभी कैडर के कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक वित्तीय सेवा विभाग ने बताया कि यह पैकेज सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से सलाह लेकर तैयार किया गया है। इसे इस तरह डिजाइन किया गया है कि ग्रुप A, B और C के सभी कर्मचारियों को समान और अधिकतम लाभ मिल सके। इससे कर्मचारियों की वित्तीय सुरक्षा और सामाजिक कल्याण को मजबूत किया जाएगा।

बीमा कवर की बड़ी सुविधा

इस वेतन खाता पैकेज की सबसे बड़ी खासियत इसका बीमा कवरेज है। इसमें 1.50 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, 2 करोड़ रुपये तक का हवाई दुर्घटना बीमा शामिल है। इसके अलावा मेडिकल कवर की सुविधा भी दी गई है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

जीरो बैलेंस अकाउंट और सस्ता लोन

पैकेज के तहत कर्मचारियों को शून्य न्यूनतम बैलेंस वाला वेतन खाता मिलेगा, जिसमें कई अतिरिक्त बैंकिंग सुविधाएं होंगी। साथ ही आवास, शिक्षा, वाहन, व्यक्तिगत जरूरतों के लिए कम ब्याज दर पर लोन की सुविधा भी दी जाएगी।

कार्ड पर मिलेंगे खास फायदे

इस पैकेज में मिलने वाले कार्ड के जरिए कर्मचारियों को कई प्रीमियम लाभ मिलेंगे। इनमें एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, रिवॉर्ड और कैशबैक ऑफर, असीमित लेनदेन, शून्य मेंटेनेंस शुल्क शामिल हैं।

कर्मचारियों को मिलेगी वित्तीय सुरक्षा और मानसिक शांति

वित्त मंत्रालय के अनुसार, यह संयुक्त वेतन खाता पैकेज कर्मचारियों को आसान बैंकिंग, बेहतर बीमा सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता प्रदान करेगा। इससे न सिर्फ उनकी वित्तीय जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि उन्हें मानसिक शांति भी मिलेगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article