बिजनेस

Go Mechanic कब लाएगी IPO, CEO ने दिया जवाब

गोमैकेनिक को उम्मीद है कि वर्ष 2027 तक उसका शुद्ध राजस्व तीन गुना होकर 700 करोड़ रुपये पर पहुंच जाएगा। इसके बाद वह शेयर बाजार में सूचीबद्धता का रुख करेगी। गोमैकेनिक ने वित्त वर्ष 2023-24 में 210 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया था, जबकि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसने 85 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।

Image

Go Mechanic कब लाएगी IPO

Photo : BCCL

Go Mechanic IPO: यात्री वाहनों की सर्विसिंग एवं मरम्मत सेवाएं देने वाली कंपनी गोमैकेनिक को उम्मीद है कि वर्ष 2027 तक उसका शुद्ध राजस्व तीन गुना होकर 700 करोड़ रुपये पर पहुंच जाएगा। इसके बाद वह शेयर बाजार में सूचीबद्धता का रुख करेगी। गोमैकेनिक के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिमांशु अरोड़ा ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि कंपनी की वाहन सर्विसिंग बाजार में फिलहाल करीब तीन प्रतिशत हिस्सेदारी है जिसे अगले तीन वर्षों में बढ़ाकर 10 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है।

700 करोड़ तक पहुंचेगा ब्रैंड

गोमैकेनिक ने वित्त वर्ष 2023-24 में 210 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया था, जबकि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसने 85 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। अरोड़ा ने कहा, ‘‘अभी हमारी बाजार हिस्सेदारी करीब तीन प्रतिशत पर है और 2027 तक यह करीब 10 प्रतिशत हो जाएगी। हमें उम्मीद है कि 2027 तक हमारा ब्रांड लगभग 700 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित करेगा। हमारा मानना है कि गोमैकेनिक की कहानी का अगला स्वाभाविक कदम आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) होगा।’’

125 शहर, 800 गैराज

कंपनी वर्तमान में 125 शहरों में 800 गैराज के जरिये सेवाएं देती है और 2027 तक 500 शहरों में 2,500 गैराज तक विस्तार करने की योजना बना रही है। कंपनी दोपहिया और इलेक्ट्रिक वाहन सेवा क्षेत्र में भी कदम रखते हुए अपनी पेशकश को विविधतापूर्ण बनाने पर विचार कर रही है। गोमैकेनिक का मार्च, 2023 में लाइफलॉन्ग ग्रुप की अनुषंगी सर्विजी ने अधिग्रहण किया था। इसके पिछले प्रबंधन के तहत वित्तीय रिकॉर्ड में गड़बड़ियां पाए जाने के बाद निवेशकों ने फर्म की बिक्री का फैसला किया था।

pawan mishra
Pawan Mishra author

पवन कुमार मिश्रा Timesnowhindi.com के साथ फरवरी 2024 से बतौर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में जुड़े हैं। जन्म दिल्ली में हुआ और शिक्षा भी यहीं से पूरी की है। कारों से खास प्रेम है और ऑटोमोबाइल जगत से संबंधित हर छोटी-बड़ी अपडेट पर अपनी नजर रखते हैं और लोगों को गाड़ियों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान करते हैं। इसके साथ ही लोगों की आम समस्याओं और समस्याओं के समाधान के बारे में यूटिलिटी सेक्शन में भी लिखते हैं। संगीत में काफी रूचि है और व्यस्त न होने पर गाने गुनगुनाते या सुनते हुए नजर आते हैं। घूमने का भी काफी शौक है और प्रकृति से काफी लगाव भी। रामजस कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और इससे पहले बिजनेसवर्ल्ड हिंदी में बतौर सब-एडिटर भी काम कर चुके हैं। पिछले 3.5 सालों से मीडिया इंडस्ट्री में मौजूद हैं।

और पढ़ें
End of Article