FPI Investment In India: घरेलू इकोनॉमी की मजबूत स्थिति और आर्थिक वृद्धि की बेहतर संभावनाओं के चलते विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) ने अप्रैल के पहले दो हफ्ते में भारतीय शेयर बाजारों में शुद्ध रूप से 13,300 करोड़ रुपये से अधिक डाले हैं। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इंवेस्टमेंट स्ट्रेटेजिस्ट वी के विजयकुमार ने कहा है कि आगे चलकर भारत-मॉरीशस टैक्स संधि में बदलावों पर चिंता एफपीआई निवेश पर असर डालेगी। यह स्थिति नई संधि की डिटेल पर स्पष्टता आने तक बनी रह सकती है। उन्होंने कहा कि एक और बड़ी चिंता पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव है। ईरान-इजराइल के बीच तनाव बढ़ रहा है जिसका असर निकट अवधि में एफपीआई के निवेश पर देखने को मिल सकता है।
ये भी पढ़ें -
घरेलू निवेशकों के पास काफी कैश
उन्होंने कहा कि घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) के पास काफी नकदी है। इसके अलावा रिटेल निवेशक और हाई नेटवर्थ वाले लोगों यानी एचएनआई भारतीय बाजार को लेकर आशान्वित हैं। ऐसे में एफपीआई की बिकवाली की भरपाई यहां से हो जाएगी।
डिपॉजिटरी के आंकड़ों के मुताबिक, एफपीआई ने इस महीने (12 अप्रैल तक) भारतीय शेयरों में शुद्ध रूप से 13,347 करोड़ रुपये का निवेश किया है। हालांकि, भारत-मॉरीशस कर संधि में बदलाव की आशंका के चलते शुक्रवार को एफपीआई ने 8,027 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी।
बॉन्ड मार्केट में आया भारी निवेश
मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट रिसर्च इंडिया के एसोसिएट डायरेक्टर-एमडी रिसर्च हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रोथ संबंधी चिंताओं के कारण फिच द्वारा चीन की सॉवरेन क्रेडिट रेटिंग आउटलुक को स्थिर से घटाकर नकारात्मक करने की वजह से भारतीय बाजारों को भारी निवेश मिला है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा मानसून सामान्य रहने की उम्मीद और मजबूत घरेलू अर्थव्यवस्था के बीच वृद्धि तेज रहने की उम्मीद से भी एफपीआई का भारतीय बाजारों को लेकर आकर्षण बढ़ा है। एफपीआई ने शेयरों के अलावा डेट या बॉन्ड मार्केट में 1,522 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश किया है।
2024 में आया कुल कितना निवेश
जेपी मॉर्गन इंडेक्स में भारत सरकार के बॉन्ड को शामिल किए जाने की घोषणा के बाद से एफपीआई भारतीय बॉन्ड बाजार में पैसा लगा रहे हैं। उन्होंने मार्च में बॉन्ड बाजार में 13,602 करोड़ रुपये, फरवरी में 22,419 करोड़ रुपये और जनवरी में 19,836 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
कुल मिलाकर, इस साल एफपीआई अब तक शेयरों में कुल 24,241 करोड़ रुपये का निवेश कर चुके हैं। डेट या बॉन्ड बाजार में उनका निवेश 57,380 करोड़ रुपये रहा है।
