Income Tax Notice: क्या आपको पूरी तरह सही इनकम टैक्स रिटर्न (ITR Filing) भरने के बावजूद इनकम टै्स विभाग से नोटिस मिला है? आमतौर पर लोगों को डर रहता है कि कहीं कोई आय छूट न जाए या कम जानकारी देने की वजह से परेशानी न हो। लेकिन इस मामले में उल्टा है। टैक्सपेयर ने जरुरत से ज्यादा जानकारी दे दी, जिसकी वजह से उनका रिटर्न डिफेक्टिव घोषित कर दिया गया। आपने बिजनेस खर्चों को पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ दिखाने की कोशिश की। हर छोटे-बड़े खर्च का अलग-अलग डिटेल भर दिया। इसमें सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शन, इंटरनेट बिल, ऑफिस सप्लाई और अन्य छोटे खर्चों को अलग लाइन आइटम के रूप में दर्ज किया गया। आपको लगा कि ज्यादा जानकारी देने से रिटर्न और अधिक स्पष्ट हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रिटर्न जमा होने के बाद इनकम टैक्स विभाग ने Section 139(9) के तहत Defective Return Notice भेज दिया।
नोटिस मिलने के बाद बढ़ी चिंता
नोटिस मिलने के बाद आप परेशान हो गए क्योंकि आपकी इनकम और टैक्स कैलकुलेशन पूरी तरह सही थी। उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर गलती कहां हुई। इसके बाद आपने टैक्स एक्सपर्ट की मदद ली। एक्सपर्ट ने रिटर्न की गहराई से जांच की। जांच में पता चला कि समस्या टैक्स कैलकुलेशन में नहीं, बल्कि रिटर्न के फॉर्मेट और डेटा एंट्री के तरीके में थी।
आखिर कहां हुई गलती?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक आपने ने Profit & Loss (P&L) अकाउंट में जरुरत से ज्यादा कस्टम एंट्री कर दी थीं। इनकम टैक्स पोर्टल कुछ तय मानकों और फॉर्मेट के अनुसार ही डेटा को पढ़ता है। लेकिन टैक्सपेयर ने खर्चों को स्टैंडर्ड कैटेगरी में डालने के बजाय दर्जनों अलग-अलग लाइन आइटम बना दिए। इससे पोर्टल का ऑटोमेटेड सिस्टम डेटा को सही तरीके से प्रोसेस नहीं कर पाया और रिटर्न को डिफेक्टिव मान लिया गया।
कैसे हुआ समाधान?
समस्या को ठीक करने के लिए एक्सपर्ट्स ने इनकम टैक्स विभाग के ऑफलाइन यूटिलिटी टूल का इस्तेमाल किया। सबसे पहले सभी अनावश्यक कस्टम एंट्री हटाई गईं। छोटे-छोटे खर्चों को एक साथ जोड़कर स्टैंडर्ड बिजनेस एक्सपेंस कैटेगरी में डाला गया। इसके अलावा, जिन जगहों पर जीरो वैल्यू या खाली लाइन आइटम थे, उन्हें भी हटाया गया ताकि पोर्टल के वैलिडेशन नियमों में कोई दिक्कत न आए। सभी सुधार करने के बाद रिटर्न को दोबारा वैलिडेट करके तय समय सीमा के अंदर फिर से जमा किया गया। इसके बाद इनकम टैक्स विभाग ने रिटर्न को सफलतापूर्वक स्वीकार कर लिया और नोटिस का मामला खत्म हो गया।
क्यों आता है Section 139(9) का नोटिस?
Section 139(9) के तहत मिलने वाला नोटिस हमेशा टैक्स चोरी या गलत इनकम दिखाने का संकेत नहीं होता। कई बार यह केवल तकनीकी या फॉर्मेटिंग से जुड़ी गलती की वजह से भी जारी हो सकता है। अगर रिटर्न में जरूरी जानकारी गलत सेक्शन में भर दी जाए, फॉर्मेट पोर्टल के अनुसार न हो, या बहुत ज्यादा अनावश्यक डेटा जोड़ दिया जाए, तो सिस्टम उसे “Defective Return” मान सकता है।
टैक्सपेयर्स के लिए जरूरी सीख
यह मामला बताता है कि ITR फाइलिंग में सिर्फ सही आंकड़े देना ही काफी नहीं होता, बल्कि उन्हें सही जगह और सही फॉर्मेट में भरना भी जरूरी है। टैक्सपेयर्स को केवल वही जानकारी देनी चाहिए, जो रिटर्न फॉर्म में मांगी गई हो। जरुरत से ज्यादा डिटेल या माइक्रो कैटेगरी बनाने से तकनीकी दिक्कतें पैदा हो सकती हैं। साथ ही, अगर इनकम टैक्स विभाग की ओर से कोई नोटिस आए, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आमतौर पर ऐसे नोटिस का जवाब देने के लिए 15 दिन का समय मिलता है। समय पर सुधार नहीं करने पर रिटर्न अमान्य माना जा सकता है और लेट फीस जैसी परेशानी भी हो सकती है।
स्मार्ट और आसान फाइलिंग क्यों जरूरी?
टैक्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि आज के समय में स्मार्ट टैक्स फाइलिंग प्लेटफॉर्म्स इसलिए मददगार साबित होते हैं क्योंकि वे केवल जरूरी जानकारी ही भरवाते हैं। इससे गलत सेक्शन में डेटा डालने या जरूरत से ज्यादा जानकारी देने की संभावना कम हो जाती है। इसलिए ITR भरते समय ज्यादा जानकारी देना बेहतर है वाली सोच से बचना चाहिए। सही जानकारी, सही फॉर्मेट और सही जगह पर भरना ही सुरक्षित और सफल टैक्स फाइलिंग की कुंजी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
