शहर

Noida News : जलभराव और खंभों पर दौड़ते करंट का जिम्मेदार कौन; क्या नाले में गिरने से पहले लगा था आर्यन को इलेक्ट्रिक शॉक?

नोएडा में खुले नाले और प्रशासन की लापरवाही से आर्यन नाम के युवक की जान चली गई। सामने आए सीसीटीवी में पहले बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में युवक आता है और फिर वह नाले में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई।

Image

नोएडा में करंट लगने से एक युवक की मौत

नोएडा : नोएडा में बारिश के बाद सड़कों पर भरा पानी अब जानलेवा साबित हो रहा है। शुक्रवार को सामने आई एक हृदयविदारक घटना में एक युवक की बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि सड़क किनारे लगे पोल पर बिजली का करंट उतर आया, जिसके बाद आर्यन के खुले नारे में जा गिरा। परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क किनारे पड़ी सिल्ट के कारण आर्यन को उसकी गहराई का अंदाजा नहीं हो पाया।

मृतक के चाचा अमोल कुमार ने बताया कि उन्हें नोएडा से फोन आया था कि उनका भतीजा बीमार है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब वे वहां पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि उनके भतीजे की मृत्यु हो चुकी है। पीड़ित परिवार ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में पूरी घटना साफ तौर पर दिखाई दे रही है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि इस तरह नाले खुले न रखें, जिससे कोई भी हादसे का शिकार हो।

सड़क पर करीब तीन फीट तक पानी भरा हुआ था। युवक जैसे ही आगे बढ़ा, उसका पैर अचानक नाले में चला गया। संतुलन बिगड़ते ही युवक पास में मौजूद बिजली के खंभे की ओर बढ़ा, जो करंट की चपेट में था। खंभे को छूते ही उसे जोरदार करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर मिली एक पर्ची (slip) के जरिए युवक की पहचान हो सकी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि खुले खंभे में करंट कैसे उतरा और इतने जलभराव के लिए कौन जिम्मेदार है।

परिजनों ने बताया कि आर्यन नोएडा में रहकर सुपरवाइजरी का काम करता था। वह अपनी मां की इकलौता बेटा था, जबकि उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उसकी मौत से परिवार को बड़ा सदमा लगा है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गुरुवार को भी गाजियाबाद में सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से पानी में उतरे करंट की चपेट में आकर एक सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई थी, जिसके बाद लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए थे।

नोएडा सड़कों पर भरे पानी ने एक बार फिर सिस्टम के खोखले दावों की पोल खोल दी है। सवाल यह नहीं है कि युवक का पैर फिसला या नहीं, सवाल यह है कि सड़क पर जलभराव के बीच बिजली का खंभा 'मौत का जाल' कैसे बना?

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article