बिजनेस

FTX के डूबने के बाद EU ने क्रिप्टो रूल्स को मंजूरी दी, निवेशकों का पैसा होगा सेफ, मनी लॉन्ड्रिंग पर लगेगी लगाम

यूरोपीय संघ देशों ने मंगलवार को क्रिप्टो एसेट को रेगुलेट करने के लिए दुनिया के नियमों को फाइनल मंजूरी दे दी। क्रिप्टो एक्सचेंज एफटीएक्स के डूबने के बाद क्रिप्टो को रेगुलेट करना अधिक जरूरी माना जा रहा था।

Image

क्रिप्टोकरेंसी के लिए नियमों को EU में मंजूरी

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • EU ने क्रिप्टो के लिए रूल्स को दी मंजूरी
  • निवेशकों का पैसा अब रहेगा सेफ
  • नियमों से मनी लॉन्ड्रिंग पर लगेगी लगाम

Comprehensive Crypto Rules : यूरोपीय संघ (EU) देशों ने मंगलवार को क्रिप्टो एसेट (Crypto Asset) को रेगुलेट करने के लिए दुनिया के पहले विशेष नियमों को फाइनल मंजूरी दे दी है। इससे ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों पर इसी तरह के नियम बनाने का दबाव बढ़ गया है। ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ (EU) के वित्त मंत्रियों (Finance Minister) की बैठक में उन नियमों को मंजूरी दे दी जिन्हें यूरोपीय संसद (European Parliament) ने अप्रैल में हरी झंडी दिखाई थी। इन नियमों के 2024 से लागू होने की उम्मीद है।

FTX के डूबने के बाद पड़ी जरूरत

क्रिप्टो एक्सचेंज एफटीएक्स (FTX) के डूबने के बाद रेगुलेटर्स के लिए क्रिप्टो को रेगुलेट करना अधिक जरूरी माना जा रहा था। ईटी की रिपोर्ट में स्वीडन की वित्त मंत्री एलिजाबेथ स्वांटेसन (Elisabeth Svantesson) के हवाले से कहा गया है कि हाल की घटनाओं के चलते इन नियमों को लागू करने की फौरी जरूरत थी, जो इन एसेट्स में निवेश करने वाले यूरोपीय लोगों की बेहतर सुरक्षा करेंगे, और मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद की फाइनेंसिंग के मकसद के लिए क्रिप्टो इंडस्ट्री के दुरुपयोग को रोकेंगे।

कंपनियों को लेना होगा लाइसेंस

नये नियमों के मुताबिक जो फर्म क्रिप्टो एसेट्स, टोकनाइज्ड एसेट्स और स्टेबल कॉइंस को जारी करना, इनमें ट्रेड या सेफगार्ड करना चाहती हैं, उन्हें पहले इसके लिए लाइसेंस लेना होगा। वित्त मंत्रियों ने टैक्स चोरी से निपटने के लिए ये कदम उठाया है। इन नियमों से लेन-देन को ट्रेस करना आसान बनेगा, जिससे मनी लॉन्ड्रिंग के लिए क्रिप्टो एसेट ट्रांसफर पर लगाम लगेगी।

2026 से और बदलेंगे और नियम

EU के वित्त मंत्री इस बात पर भी सहमत हुए हैं कि जनवरी 2026 से सर्विस प्रोवाइडर्स को क्रिप्टो एसेट में भेजने वालों और लाभार्थियों (जिन्हें क्रिप्टो एसेट मिलेगी) के नाम जानने होंगे, फिर भले ही ट्रांसफर की जा रही क्रिप्टो कितनी भी राशि की क्यों न हो।

टैक्सेशन पर EU देशों का तालमेल

क्रिप्टो एसेट में लेनदेन को कवर करने के लिए टैक्सेशन में ईयू के सदस्य देश एक दूसरे के साथ कैसे सहयोग करते हैं, इस पर नियमों में संशोधन पर भी एक समझौता हुआ। साथ ही ये देश सबसे अमीर लोगों के लिए एडवांस टैक्स नियमों की जानकारी के आदान-प्रदान पर भी सहमत हुए हैं।

डिस्क्लेमर : क्रिप्टोकरेंसी में जोखिम होता है, इसलिए निवेश अपने जोखिम पर करें। निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर लें।

Kashid Hussain
काशिद हुसैन author

<p>काशिद हुसैन अप्रैल 2023 से Timesnowhindi.Com (टाइम्स नाउ नवभारत) के साथ काम कर रहे हैं। यहां पर वे सीनियर कॉरेस्पोंडेंट हैं। टाइम्स नाउ नवभारत की बिजनेस टीम में वह शेयर मार्केट, म्यूचुअल फंड और आर्थिक जगत से जुड़ी सभी तरह की स्टोरी और वेब स्टोरी करते हैं। रिसर्च आधारित स्टोरी के लिए नए एंगल तलाश करना और रीडर्स की रुचि के अनुसार कॉपी लिखने पर फोकस रहता है। शेयर बाजार में खास रुचि है और इससे जुड़ी रियल टाइम खबरें कम समय में लगाने में विशेषज्ञता है। मीडिया में काम करने का 8 वर्षों का अनुभव है, जिसमें गुडरिटर्न्स और शेयर मंथन वेबसाइटों के अलावा निवेश मंथन पत्रिका में भी काम किया है। दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन के बाद आईआईएमसी, नई दिल्ली से रेडियो एंव टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की है। ग्रेजुएशन के दौरान सहारा समय और सिटी न्यूज में इंटर्नशिप के साथ-साथ अखबार और वेबसाइट के लिए लिखना शुरू कर दिया था। काशिद को किताबें पढ़ना, फिल्में देखना और क्रिकेट में रुचि है। बिजनेस के अलावा खेल जगत और इंटरनेशनल खबरों में भी रुचि है।<br></p>

और पढ़ें
End of Article