कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) देश के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट बचत का सबसे भरोसेमंद माध्यम है। यह योजना कर्मचारियों को भविष्य के लिए सुरक्षित फंड तैयार करने में मदद करती है। EPF खाते में कर्मचारी और नियोक्ता (कंपनी) दोनों का योगदान होता है, जिस पर ब्याज भी मिलता है। जरुरत पड़ने पर सदस्य आंशिक या पूरी निकासी (EPF withdrawal) कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए कुछ नियम और शर्तें तय हैं। आइए इसे आसान भाषा में समझते हैं।
EPF निकासी के मुख्य प्रकार
EPFO के अनुसार, EPF से पैसे निकालने के तीन मुख्य तरीके हैं। हर तरीके के लिए अलग फॉर्म और शर्तें होती हैं।
फाइनल सेटलमेंट (Form 19)
जब कोई कर्मचारी नौकरी छोड़ देता है, रिटायर हो जाता है या कम से कम 2 महीने तक बेरोजगार रहता है, तब वह अपने EPF खाते का पूरा पैसा निकाल सकता है। इसमें कर्मचारी का हिस्सा, नियोक्ता का हिस्सा और उस पर मिला ब्याज शामिल होता है।
पेंशन निकासी (Form 10C)
अगर किसी कर्मचारी की सेवा अवधि 10 साल से कम है, तो वह पेंशन फंड (EPS) को एकमुश्त निकाल सकता है। लेकिन अगर सेवा 10 साल से अधिक है, तो उसे पेंशन स्कीम सर्टिफिकेट लेना होता है और 58 साल की उम्र के बाद मासिक पेंशन मिलती है।
आंशिक निकासी (Form 31)
नौकरी करते हुए भी कुछ विशेष परिस्थितियों में EPF से एडवांस निकासी की अनुमति है। जैसे मेडिकल इमसरजेसी, शादी, घर खरीदना या प्राकृतिक आपदा। यह पैसा वापस जमा नहीं करना होता।
कितनी राशि निकाली जा सकती है?
नियमों के अनुसार, EPF खाते से 100% पैसा तभी निकाला जा सकता है जब आप पात्रता शर्तें पूरी करते हैं। हालांकि खाते में एक न्यूनतम बैलेंस बनाए रखना जरूरी होता है। कई मामलों में कुल फंड का करीब 50% से 75% तक ही निकासी संभव होती है, जो स्थिति पर निर्भर करता है।
PF निकासी में कितना समय लगता है?
अगर ऑनलाइन आवेदन सही KYC के साथ किया गया है, तो आमतौर पर 3 से 7 वर्किंग डे में पैसा मिल जाता है। कुछ मामलों में ऑटो-सेटलमेंट में 72 घंटे भी लग सकते हैं। वहीं ऑफलाइन आवेदन में यह प्रक्रिया करीब 20 दिन तक जा सकती है। बैंक खाते में पैसा आने में सामान्यतः 7 से 15 दिन लगते हैं।
टैक्स नियम और TDS
अगर कोई कर्मचारी 5 साल की लगातार सेवा पूरी करने के बाद PF निकालता है तो यह राशि टैक्स फ्री होती है। लेकिन अगर 5 साल से पहले निकासी की जाती है, तो यह इनकम टैक्स के दायरे में आ जाती है। 50,000 रुपये से अधिक निकासी पर 10% TDS भी कट सकता है, अगर PAN लिंक हो।
PF क्लेम रिजेक्ट होने के कारण
कई बार EPF क्लेम रिजेक्ट हो जाता है। इसके कई मुख्य कारण होते हैं-
- KYC (आधार, पैन, बैंक) वेरीफाई न होना
- नाम या जन्मतिथि में मिसमैच
- नौकरी छोड़ने की तारीख अपडेट न होना
- गलत या बंद बैंक खाता
- 2 महीने की बेरोजगारी अवधि पूरी न होना
ऑनलाइन PF निकालने की प्रक्रिया
EPF निकालने की प्रक्रिया अब पूरी तरह ऑनलाइन हो गई है और काफी आसान भी है।
- स्टेप 1: EPFO की यूनिफाइड पोर्टल पर UAN और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- स्टेप 2: “Manage” सेक्शन में जाकर KYC चेक करें और आधार, पैन व बैंक डिटेल्स वेरीफाई करें।
- स्टेप 3: “Online Services” में जाकर Claim (Form 19/10C/31) चुनें।
- स्टेप 4: बैंक अकाउंट के आखिरी 4 अंक डालकर वेरिफाई करें और डिक्लेरेशन स्वीकार करें।
- स्टेप 5: आधार से जुड़े मोबाइल पर आए OTP को डालकर आवेदन सबमिट करें।
EPF योजना नौकरीपेशा लोगों के लिए एक सुरक्षित वित्तीय सुरक्षा कवच है। सही जानकारी और नियमों को समझकर आप जरुरत के समय आसानी से अपने फंड का उपयोग कर सकते हैं। ऑनलाइन सिस्टम ने पूरी प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बना दिया है, जिससे अब PF निकालना पहले से कहीं आसान हो गया है।
