देश

हरियाणा में कुछ बड़ा होने वाला है? CM सैनी समेत 48 BJP विधायक बस में सवार होकर पहुंचे PM आवास

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राज्य के सभी 48 भाजपा विधायकों के साथ बस में सवार होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने नई दिल्ली स्थित उनके आवास पहुंचे। विधायकों में पीएम मोदी से मिलने को लेकर भारी उत्साह है।

Image

हरियाणा भवन से एक साथ बस में निकले CM सैनी और 48 MLA

Photo : ANI

हरियाणा की राजनीति में आज एक अलग और दिलचस्प तस्वीर देखने को मिली। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने सभी 48 भाजपा विधायकों को साथ लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके सरकारी आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पहुंचे।

खास बात यह रही कि ये सभी नेता हरियाणा भवन से एक साथ बस में सवार होकर पीएम आवास के लिए रवाना हुए। प्रधानमंत्री के बुलावे पर पहुंचे विधायकों के चेहरे पर इस मुलाकात को लेकर काफी खुशी और उत्सुकता दिखाई दी। मुलाकात से पहले नेताओं ने अपनी भावनाएं जाहिर कीं:

विपुल गोयल (BJP विधायक और कैबिनेट मंत्री): BJP विधायक और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से मिलने को लेकर सभी में बहुत उत्साह है। पीएम मोदी ने पूरी विधायक दल को बुलाया है, अंदर जाकर ही पता चलेगा कि मुख्य मुद्दा क्या है। लेकिन यह पक्का है कि पीएम पूछ सकते हैं कि 'आपको मंत्री और विधायक बनाया तो आपने राज्य और जनता के लिए क्या किया?' हमें इसका जवाब देना होगा। मामला चाहे SIR का हो या कोई और, यह तो अंदर जाकर ही साफ होगा।

योगेंद्र राणा (BJP विधायक): उन्होंने इस मुलाकात को बेहद गर्व का पल बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के 48 विधायकों का एक साथ प्रधानमंत्री से मिलना बड़ी बात है। वे सब उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।

कृष्ण अहलावत (BJP विधायक): उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने पहली बार इस तरह सबको साथ बुलाया है। इसलिए वे वहां से कुछ अच्छा सीखकर आएंगे और अपने दिल की बातें भी प्रधानमंत्री के सामने रखेंगे।

फिलहाल सभी विधायक पीएम मोदी से मिलने पहुंचे हैं और इस मुलाकात को लेकर नेताओं में जबरदस्त ऊर्जा और सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। अब सवाल है कि ये मुलाकात शिष्टाचार वाली है या फिर हरियाणा की राजनीति में कुछ बड़ा होने वाला है, ये तो समय बताएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article