शहर

UP Politics: स्वामी प्रसाद मौर्य ने मिलाया कांग्रेस से हाथ, INDIA गठबंधन में शामिल होगी पार्टी

उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी कांग्रेस और INDIA गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगी। हालांकि, सीटों के बंटवारे और कितनी सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

Image

स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी हुई इंडी गठबंधन में शामिल (File image)

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन की तस्वीर धीरे-धीरे बदलती नजर आ रही है। पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी अब INDIA गठबंधन का हिस्सा होगी।

मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी कांग्रेस और INDIA गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगी। हालांकि, सीटों के बंटवारे और कितनी सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने संकेत दिया कि गठबंधन को लेकर आगे बातचीत के बाद तस्वीर साफ होगी।

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद लिया फैसला

स्वामी प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और राहुल गांधी की राजनीतिक प्राथमिकताओं में कई समानताएं हैं। मौर्य के मुताबिक, वह उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं, जबकि राहुल गांधी भी इन विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते हैं।

मौर्य ने कहा कि दोनों पक्षों की विचारधारा और मुद्दों में समानता को देखते हुए साथ आने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।

‘बीजेपी हटाओ, देश बचाओ’ का दिया नारा

गठबंधन के ऐलान के साथ मौर्य ने अपनी राजनीतिक प्राथमिकता भी स्पष्ट की। उन्होंने ‘बीजेपी हटाओ, देश बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ, बीजेपी हटाओ’ जैसे नारों का जिक्र किया। मौर्य ने राहुल गांधी को लेकर भी अपनी राजनीतिक राय जाहिर की और कहा कि वह उन्हें देश का अगला प्रधानमंत्री देखना चाहते हैं। हालांकि, गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी बातचीत बाकी है। मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई है और आगे कई दौर की चर्चा हो सकती है।

यूपी में कांग्रेस के साथ गठबंधन की कवायद

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पहले से ही समाजवादी पार्टी के साथ विपक्षी गठबंधन का हिस्सा है। ऐसे में स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी के INDIA गठबंधन में आने से विपक्षी खेमे में एक और दल जुड़ गया है। इससे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की संभावित तस्वीर में एक और राजनीतिक घटक शामिल हो गया है। इसी बीच कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश संगठन में भी बदलाव किया है। पार्टी ने अराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। ऐसे में मौर्य की पार्टी के साथ गठबंधन का ऐलान कांग्रेस की यूपी में चुनावी तैयारियों के बीच हुआ है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article