भारत में कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) सिस्टम को आसान और डिजिटल बनाने के लिए EPFO 3.0 एक बड़ा अपग्रेड माना जा रहा है। यह नया सिस्टम मौजूदा प्रक्रियाओं को सरल, तेज और पहले से अधिक यूजर-फ्रेंडली बनाने पर फोकस करता है। EPFO 3.0 के लॉन्च को लेकर पीएफ मेंबर के मन में कई सवाल बने हुए हैं। अगर आप भी एक पीएफ मेंबर हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए काम का साबित हो सकता है, इसमें हम ईपीएफओ 3.0 (EPFO Updates) को लेकर ही जरूरी जानकारी दे रहे हैं-
क्या EPFO 3.0 लॉन्च हो चुका है?

EPFO (Photo: iStock)
अभी तक EPFO 3.0 पूरी तरह से आधिकारिक रूप से लागू नहीं हुआ है, लेकिन इसे जल्द ही लागू किए जाने की योजना है। EPFO 3.0 को इसी साल लॉन्च किया जा सकता है। यह लॉन्चिंग चरणबद्ध तरीके से हो सकती है। कई रिपोर्ट्स का दावा है कि EPFO 3.0 को इस साल की पहली छमाही में लॉन्च किया जा सकता है।
EPFO 3.0 ATM क्या है?
EPFO 3.0 का सबसे बड़ा और चर्चित फीचर ATM के जरिए PF निकालने की सुविधा है। यह नया फीचर हर पीएफ मेंबर का ध्यान आकर्षित कर रहा है। इस सिस्टम में कर्मचारियों को एक खास ATM कार्ड या बैंक से लिंक सुविधा मिल सकती है, जिसके जरिए वे अपने PF का एक हिस्सा सीधे ATM से निकाल सकेंगे। इसका फायदा यह है कि पहले PF निकालने के लिए कई दिन इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब जरूरत पड़ने पर तुरंत पैसे मिल सकेंगे। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, सदस्य अपने PF बैलेंस का लगभग 75 प्रतिशत तक तुरंत निकाल सकते हैं। बाकि 25 प्रतिशत हिस्सा अकाउंट में बनाए रखना जरूरी होगा।
क्या UPI से भी PF निकाल सकेंगे?
EPFO 3.0 के तहत UPI के जरिए भी PF निकालने की सुविधा देने की योजना है। इससे पैसे सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएंगे और प्रक्रिया और भी तेज हो जाएगी।
क्या EPFO 3.0 नए पोर्टल और कोर बैंकिंग के साथ आएगा?
EPFO 3.0 में एक नया डिजिटल पोर्टल और कोर बैंकिंग सिस्टम (CBS) लाने की योजना है। इसका मतलब है कि EPFO 3.0 के आने के बाद आपका PF अकाउंट लगभग एक बैंक अकाउंट की तरह काम करेगा। इसमें रियल-टाइम ट्रांजैक्शन की सुविधा मिल सकती है, जिससे पैसे की जानकारी तुरंत अपडेट होगी। साथ ही, क्लेम प्रोसेस पहले की तुलना में काफी तेज और आसान हो जाएगा, जिससे आपको लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। किसी भी तरह की गलती या जानकारी में सुधार (corrections) भी अब ऑनलाइन आसानी से किया जा सकेगा। इसके अलावा, आप अपने आवेदन या क्लेम का स्टेटस बेहतर तरीके से ट्रैक कर पाएंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी और सुविधाजनक हो जाएगी।
EPFO 3.0 के और क्या फायदे मिलेंगे
EPFO 3.0 के लागू होने के बाद कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण फायदे मिलेंगे। सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि क्लेम प्रोसेसिंग का समय काफी कम हो जाएगा, जिससे PF निकालने में देरी नहीं होगी। OTP के जरिए वेरिफिकेशन की सुविधा मिलने से पूरी प्रक्रिया सरल और सुरक्षित बन जाएगी। इसके साथ ही, बार-बार EPFO ऑफिस जाने की जरूरत भी खत्म हो जाएगी, क्योंकि ज्यादातर काम ऑनलाइन ही पूरे हो सकेंगे। यह सिस्टम पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगा, जिससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी व सुविधाजनक बन जाएगी।
