बिजनेस

Mule Account RBI Rule: बैंक अकाउंट किराए पर देकर देख रहे हैं करोड़पति बनने का सपना? तो पहले पढ़ लें RBI की ये सलाह

अगर आप भी सोच रहे हैं किसी को अकाउंट किराए पर देकर कमाई कर लें तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। दरअसल, RBI के मुताबिक ऐसा करना आपके लिए मुसीबत को न्योता दे सकता है, आइए जानते हैं कैसे और क्यों?

Image

किराए पर अकाउंट देने वाले पढ़ लें RBI की ये सलाह

डिजिटल बैंकिंग के दौर में साइबर अपराधी ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इन्हीं में से एक बेहद खतरनाक तरीका है 'मनी म्यूल' (Money Mule) या बैंक अकाउंट को किराए पर लेना। आजकल टेलीग्राम, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को बिना मेहनत के घर बैठे हर महीने ₹10,000 से ₹50,000 तक कमाने का लालच दिया जाता है। इसके बदले सिर्फ उनसे उनका बैंक अकाउंट, एटीएम कार्ड और नेट बैंकिंग डिटेल्स मांगी जाती हैं। आरबीआई (RBI) और साइबर पुलिस ने इस ट्रेंड को लेकर देशवासियों को सख्त चेतावनी जारी की है। ऐसे में आइए जानते हैं अकाउंट किराए पर देने के लिए RBI ने क्या चेतावनी दी है।

क्या है मनी म्यूल?

मनी म्यूल स्कैम का गणित बेहद सीधा लेकिन संगीन होता है। साइबर ठग अवैध कमाई, ऑनलाइन बेटिंग, क्रिप्टो स्कैम या साइबर फ्रॉड से लूटा गया पैसा सीधे अपने खातों में मंगाने के बजाय मासूम लोगों के किराए के खातों में ट्रांसफर करवाते हैं। इसके बाद उस पैसे को तुरंत अलग-अलग खातों या एटीएम के जरिए कैश में निकाल लिया जाता है। खाताधारक को लगता है कि वह सिर्फ अपना अकाउंट इस्तेमाल करने देकर कमीशन कमा रहा है, लेकिन हकीकत में वह साइबर अपराधियों का साझेदार (Accomplice) बन जाता है।

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और जांच एजेंसियों के मुताबिक, अगर किसी बैंक अकाउंट का इस्तेमाल धोखाधड़ी या मनी लॉन्ड्रिंग के लिए होता है, तो कानून की नजर में खाताधारक ही प्राथमिक आरोपी माना जाता है। अनजान व्यक्ति को बैंक अकाउंट किराए पर देने या इस्तेमाल करने की अनुमति देने पर आपके सभी बैंक अकाउंट्स को फ्रीज (Freeze) किया जा सकता है। इसके अलावा, प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) और आईटी एक्ट के तहत गैर-जमानती धाराओं में पुलिस केस दर्ज हो सकता है, जिससे जेल जाने और भविष्य में कोई भी बैंक खाता न खोल पाने का खतरा बन जाता है।

क्या है RBI की सलाह?

आरबीआई की सलाह है कि कभी भी किसी अनजान व्यक्ति, कंपनी या तुरंत पैसे कमाने का दावा करने वाले विज्ञापन के झांसे में आकर अपनी पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड या ओटीपी (OTP) शेयर न करें। अपना बैंक खाता किसी को भी किराए या कमीशन पर इस्तेमाल करने के लिए न दें। यदि गलती से आप ऐसे किसी स्कैम में फंस गए हैं या आपको अपने खाते में किसी अज्ञात स्रोत से संदिग्ध लेन-देन दिखता है, तो तुरंत अपने बैंक को सूचित करें और साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article