बिजनेस

पाकिस्तान की चाल बेनकाब, UAE के रास्ते भारत लाए जा रहे थे सूखे खजूर, DRI ने कांडला पोर्ट पर पकड़ा

Pakistan Origin Dry Dates: डीआरआई ने कांडला पोर्ट पर दुबई के रास्ते फर्जी दस्तावेजों से लाए जा रहे 3 करोड़ रुपये के पाकिस्तानी सूखे खजूर जब्त किए। पाकिस्तान से आयात पूरी तरह प्रतिबंधित होने के कारण यह कार्रवाई की गई।

Image

यूएई के रास्ते भारत लाए जा रहे थे पाकिस्तानी खजूर, डीआरआई ने कांडला पोर्ट पर पकड़ी 3 करोड़ की खेप

Photo : iStock

Pakistan Origin Dry Dates : डारेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास्ते भारत में अवैध रूप से लाए जा रहे पाकिस्तान मूल के 364 मीट्रिक टन (एमटी) सूखे खजूर (छुआरा) की एक बड़ी खेप जब्त की है। वित्त मंत्रालय के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस जब्त माल की कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। तस्करों ने भारत में प्रतिबंधों से बचने के लिए खजूर के मूल देश (कंट्री ऑफ ओरिजिन) के नाम में हेरफेर कर इसे यूएई का उत्पाद बताने की कोशिश की थी।

कांडला पोर्ट पर खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई

DRI को इस अवैध आयात के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसी खुफिया जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने गुजरात के कांडला पोर्ट पर 13 संदिग्ध कंटेनरों को रोककर जांच की। कागजातों में इन कंटेनरों में मौजूद सूखे खजूर को यूएई का उत्पाद घोषित किया गया था। हालांकि, जब डीआरआई ने मामले की गहन जांच की, तो परतें खुलती चली गईं और स्पष्ट हो गया कि यह पूरा माल वास्तव में पाकिस्तान का है जिसे यूएई के जरिए भारत भेजा जा रहा था।

दुबई में बदले गए कंटेनर, ऐसे रची गई फर्जीवाड़े की साजिश

जांच में खुलासा हुआ कि तस्करों ने भारत में आयात पर लगे कड़े प्रतिबंधों को चकमा देने के लिए एक संगठित साजिश रची थी। इस consignment को सबसे पहले पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते दुबई भेजा गया था। दुबई पहुंचने के बाद, माल को दूसरे कंटेनरों में शिफ्ट (ट्रांस-शिपमेंट) किया गया और फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए, ताकि ऐसा लगे कि यह माल यूएई में ही उत्पादित हुआ है। इस तरह तस्करों ने पाकिस्तान से जुड़े सभी तथ्यों को छुपाकर और झूठा घोषणा पत्र जमा करके सीमा शुल्क विभाग को धोखा देने का प्रयास किया।

कस्टम्स एक्ट के तहत जब्ती और टूथुकुडी पोर्ट का मामला

एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक डीआरआई ने सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 (कस्टम्स एक्ट) के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत 364 मीट्रिक टन की इस पूरी खेप को जब्त कर लिया है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि डीआरआई ने इससे पहले तमिलनाडु के टूथुकुडी (तूतीकोरिन) पोर्ट पर भी इसी तरह की तस्करों की एक साजिश को नाकाम किया था। वहां अधिकारियों ने करीब 1.4 करोड़ रुपये मूल्य का 14 मीट्रिक टन 'गुग्गल रेजिन' (एक प्रकार का प्राकृतिक गोंद) जब्त किया था। उस मामले में माल को सोमालिया का उत्पाद और साधारण रेजिन बताकर दुबई के रास्ते लाया जा रहा था, जबकि वह भी फर्जी दस्तावेजों के सहारे लाया गया पाकिस्तान मूल का गुग्गल रेजिन था। उस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है।

मई 2025 से लागू है पाकिस्तान से आयात पर पूरी तरह से रोक

विदेश व्यापार नीति (एफटीपी) 2023 और विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की 2 मई 2025 की अधिसूचना के तहत, पाकिस्तान में उत्पादित या वहां से निर्यात किए गए किसी भी सामान का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भारत में आयात या ट्रांजिट (परिवहन) पूरी तरह से प्रतिबंधित है। ये दोनों ही मामले भारत सरकार के इन कड़े आर्थिक व व्यापारिक नियमों का स्पष्ट उल्लंघन करते हैं।

अवैध व्यापार और तस्करी के खिलाफ DRI का अभियान जारी

वित्त मंत्रालय ने कहा है कि इन दोनों सफल अभियानों से यह साबित होता है कि डीआरआई सीमा शुल्क धोखाधड़ी, तस्करी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे अवैध व्यापारिक नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। केंद्रीय एजेंसियां लगातार ऐसे गिरोहों को चिन्हित कर उनके नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने में जुटी हुई हैं ताकि देश के व्यापारिक नियमों और सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article