बिजनेस

दिवाली पर देशवासियों को मिलेगा तोहफा, होंगे नेक्स्ट जनरेशन GST रिफॉर्म, कई चीजें होंगी सस्ती, बोले पीएम मोदी

GST Reform: 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस दिवाली देशवासियों को एक बड़ा तोहफा मिलने वाला है। सरकार नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी सुधार लेकर आ रही है, जो त्योहारी सीजन में राहत का काम करेगा।

Image

जीएसटी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिवाली में बहुत बड़ा तोहफा मिलने वाला है

GST Reform: 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस दिवाली देशवासियों को एक बड़ा तोहफा मिलने वाला है। सरकार नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी सुधार लेकर आ रही है, जो त्योहारी सीजन में राहत का काम करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि समय की मांग है कि जीएसटी की समीक्षा की जाए ताकि आम लोगों को ज्यादा फायदा मिल सके। इस सुधार के बाद कई चीजें सस्ती हो सकती हैं। पीएम ने अगली पीढ़ी के वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों के रूप में बड़े दिवाली उपहार का वादा किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में कहा कि मेड इन इंडिया’ उत्पादों के लिए हमारा मंत्र ‘दाम कम, दम ज्यादा’ होना चाहिए। समय की मांग है कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस ‘स्वतंत्र भारत’ की कल्पना की थी, हम उसी के अनुसार समर्थ भारत के निर्माण का संकल्प लें। पिछला दशक सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन का था, अब हमें बड़े लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करना होगा। हमें दूसरों को नीचा दिखाने में अपनी ऊर्जा बर्बाद नहीं करनी चाहिए, हमारा ध्यान खुद को मजबूत करने पर होना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारे व्यापारी और दुकानदार ‘स्वदेशी’ उत्पादों के बोर्ड लगाएं। हमने आयकर कानूनों में बड़े सुधार किए हैं, हो सकता है कि कुछ लोग हंगामे के बीच इसे देख न पाए हों। हमने अगली पीढ़ी के सुधारों पर कार्य बल गठित करने का फैसला किया है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत के मैक्रोइकोनॉमिक इंडिकेटर्स मजबूत स्थिति में हैं और वैश्विक रेटिंग एजेंसियां भी भारतीय अर्थव्यवस्था पर भरोसा जता रही हैं। उन्होंने कहा कि इसका सीधा लाभ किसानों, महिलाओं और मध्यम वर्ग को मिलना चाहिए और सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।

पीएम मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के नौजवानों, आज मैं आपके लिए एक बड़ी खुशखबर लाया हूं। उन्होंने घोषणा की कि आज 15 अगस्त के ऐतिहासिक दिन पर 1 लाख करोड़ रुपये की ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये की सहायता राशि सरकार की ओर से दी जाएगी।

जिन कंपनियों द्वारा अधिकतम रोजगार सृजित किया जाएगा, उन्हें भी विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। यह योजना करीब 3.5 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने में सहायक होगी। प्रधानमंत्री ने इस योजना को युवाओं के भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में एक ठोस कदम बताया।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article