बिजनेस

Direct Tax Collection : सरकार की टैक्स से कमाई में जोरदार उछाल, ₹5.21 लाख करोड़ पहुंचा कलेक्शन

भारत सरकार का डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन में जोरदार उछाल देखने केा मिला है। 17 जून, 2026 तक टैक्स कलेक्शन बढ़कर ₹5.21 लाख करोड़ पहुंच गया है। खासतौर पर कॉरपोरेट टैक्स और सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स से रेवेन्यू बढ़ा है।

Image

डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन बढ़ा

Direct Tax Collection : भारत सरकार की प्रत्यक्ष कर (Direct Tax) वसूली चालू वित्त वर्ष FY27 में मजबूत रफ्तार से बढ़ रही है। 17 जून 2026 तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह (Net Direct Tax Collection) 14.64% बढ़कर ₹5.21 लाख करोड़ से अधिक पहुंच गया है। इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह कंपनियों द्वारा दिए गए एडवांस टैक्स और सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) में तेज वृद्धि रही है। एडवांस टैक्स में मजबूत बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि कॉर्पोरेट सेक्टर की कमाई बेहतर बनी हुई है और अर्थव्यवस्था में कारोबारी गतिविधियां मजबूत हैं।

कॉर्पोरेट टैक्स कलेक्शन में 22% की छलांग

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 17 जून तक शुद्ध कॉर्पोरेट टैक्स संग्रह 22% बढ़कर ₹2.08 लाख करोड़ हो गया। वहीं, व्यक्तिगत करदाताओं, हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) और फर्मों से मिलने वाला गैर-कॉर्पोरेट टैक्स (NCT) 8% बढ़कर करीब ₹2.94 लाख करोड़ रहा। यह दर्शाता है कि कंपनियों की कर देनदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो उनके बेहतर मुनाफे की ओर इशारा करती है।

STT से सरकार की कमाई 45% बढ़ी

शेयर बाजार में लगातार बने निवेशक उत्साह का असर सरकार की कमाई पर भी दिखा है। सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) संग्रह 45% उछलकर ₹18,856 करोड़ पहुंच गया। STT में इतनी बड़ी बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि शेयर बाजार में ट्रेडिंग गतिविधियां और निवेशकों की भागीदारी मजबूत बनी हुई है।

एडवांस टैक्स ने दिया बड़ा संकेत

एडवांस टैक्स को आमतौर पर भविष्य की कारोबारी स्थिति का अहम संकेतक माना जाता है। चालू वित्त वर्ष में एडवांस टैक्स संग्रह 15.3% बढ़कर ₹1.78 लाख करोड़ से अधिक हो गया।कंपनियों से एडवांस टैक्स संग्रह 16% बढ़कर ₹1.40 लाख करोड़ से ज्यादा रहा। गैर-कॉर्पोरेट करदाताओं से एडवांस टैक्स 13% बढ़कर ₹37,620 करोड़ पहुंच गया। विशेषज्ञों के अनुसार, यह आंकड़ा बताता है कि कंपनियां आने वाले समय में भी बेहतर आय और मुनाफे की उम्मीद कर रही हैं।

रिफंड में भी बढ़ोतरी

सरकार ने 17 जून तक ₹89,026 करोड़ के टैक्स रिफंड जारी किए हैं। यह पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 1.19% अधिक है।

ग्रॉस टैक्स कलेक्शन कितना रहा?

सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह (Gross Direct Tax Collection) 12.46% बढ़कर ₹6.10 लाख करोड़ से अधिक रहा। ग्रॉस कॉर्पोरेट टैक्स ₹2.76 लाख करोड़, ग्रॉस गैर-कॉर्पोरेट टैक्स ₹3.15 लाख करोड़, कुल ग्रॉस डायरेक्ट टैक्स ₹6.10 लाख करोड़ रहा है।

FY27 का लक्ष्य क्या है?

केंद्र सरकार ने FY27 के लिए प्रत्यक्ष कर संग्रह का लक्ष्य ₹26.97 लाख करोड़ रखा है। यह FY26 में जुटाए गए ₹23.40 लाख करोड़ के मुकाबले लगभग 15% अधिक है। अब तक के आंकड़े बताते हैं कि सरकार अपने लक्ष्य की दिशा में मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article